US के दबाव में न आए भारत: राज्यसभा टिकट और बढ़ती महंगाई पर हुड्डा ने सरकार को घेरा

Haryana

Haryana Desk: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने आज रोहतक स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरियाणा की राजनीति से लेकर अंतरराष्ट्रीय मुद्दों तक पर बेबाक राय रखी। राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस द्वारा कर्मवीर बौद्ध को उम्मीदवार बनाए जाने पर उठे सवालों को खारिज करते हुए हुड्डा ने कहा कि पार्टी ने अपने एक समर्पित कार्यकर्ता को ही टिकट दिया है और यह फैसला पूरी तरह सही है।

अभय चौटाला पर सीधा हमला बोलते हुए हुड्डा ने तंज कसा कि राज्यसभा चुनाव में एक सीट कांग्रेस और एक भाजपा की जीतना तय है, ऐसे में अभय चौटाला को स्पष्ट करना चाहिए कि उनकी पार्टी किसे वोट देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि इनेलो का इतिहास रहा है कि वह भाजपा की ‘बी-टीम’ के रूप में काम करती है।

प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरते हुए हुड्डा ने आलू किसानों की दुर्दशा पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नाक के नीचे किसानों की बर्बादी का खेल चल रहा है और आलू की भारी कालाबाजारी हो रही है। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसान का आलू महज 60 पैसे प्रति किलो (60 रुपये क्विंटल) के भाव बिक रहा है, जबकि सरकार भावांतर योजना का ढोंग कर रही है। हुड्डा ने इसे एक बड़ा घोटाला करार देते हुए इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के खिलाफ अमेरिका की बयानबाजी पर हुड्डा ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को इस पर चुप्पी तोड़नी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत एक संप्रभु राष्ट्र है और उसे किसी के दबाव में नहीं रहना चाहिए। अमेरिका यह तय नहीं कर सकता कि भारत किससे क्या खरीदेगा या किसे बेचेगा। वहीं, गैस के बढ़ते दामों पर उन्होंने कहा कि हालांकि वैश्विक स्तर पर युद्ध (अमेरिका-इजरायल-ईरान) का असर है, लेकिन सरकार को गरीबों के हित में उपभोग की वस्तुओं के दाम नियंत्रित रखने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *