Entertainment Desk: ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इन दिनों ‘मेड इन कोरिया’ फिल्म की खूब चर्चा हो रही है। अक्सर नाम सुनकर लोग इसे कोई कोरियन ड्रामा समझने की भूल कर बैठते हैं, लेकिन असल में यह एक मौलिक तमिल फिल्म है। रा कार्तिक के निर्देशन में बनी यह फिल्म 12 मार्च, गुरुवार को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई है। यह एक ‘कमिंग-ऑफ-एज’ ड्रामा है, जो एक लड़की के अपने सपनों को पूरा करने के जुनून और विदेशी धरती पर संघर्ष की कहानी को बेहद खूबसूरती से दर्शाता है। दर्शक इस फिल्म का आनंद तमिल के अलावा हिंदी, तेलुगू, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी उठा सकते हैं।
शेनबा का सफर: कोलाप्लूर से सियोल तक
फिल्म की कहानी तमिलनाडु के एक छोटे और शांत गांव कोलाप्लूर से शुरू होती है। यहाँ शेनबा (प्रियंका अरुल मोहन) नाम की एक लड़की रहती है, जिसकी आंखों में बचपन से ही साउथ कोरिया जाने का सपना है। शेनबा की निजी जिंदगी काफी उतार-चढ़ाव भरी है; एक तरफ पिता से अनबन है तो दूसरी तरफ प्रेमी से मिला धोखा उसे अंदर तक तोड़ देता है। इन्ही हालातों के बीच वह हिम्मत जुटाकर अकेले ही कोरिया की उड़ान भरती है। अनजान देश, अबूझ भाषा और बिल्कुल अलग संस्कृति के बीच बेरोजगार शेनबा के लिए वहां पैर जमाना एक बड़ी चुनौती बन जाता है, जिसे फिल्म में बखूबी दिखाया गया है।
विदेशी जमीन पर मिला अपनापन और नई उम्मीद
सियोल की अनजान गलियों में शेनबा की मुलाकात हीओ जुन जे (सी-हुन बेक) नाम के एक दयालु युवक से होती है। हीओ न केवल शेनबा को कोरियन संस्कृति से रूबरू कराता है, बल्कि उसे एक बुजुर्ग महिला (पार्क हे-जिन) की देखभाल करने की नौकरी दिलाने में भी मदद करता है। धीरे-धीरे शेनबा की बिखरी हुई जिंदगी को एक नया मकसद मिलने लगता है। यह फिल्म दिखाती है कि कैसे अलग-अलग देशों और संस्कृतियों के लोग भी मानवीय संवेदनाओं के जरिए एक-दूसरे से जुड़ सकते हैं और एक-दूसरे की जिंदगी संवारने में मददगार साबित हो सकते हैं।
कलाकारों का प्रदर्शन और दर्शकों की प्रतिक्रिया
फिल्म के कलाकारों की बात करें तो प्रियंका अरुल मोहन ने मुख्य भूमिका में अच्छा काम किया है, हालांकि सोशल मीडिया पर कुछ दर्शकों का मानना है कि उनके किरदार के लेखन में और गहराई हो सकती थी। ‘स्क्विड गेम’ और ‘पचिंको’ जैसी मशहूर सीरीज में नजर आ चुकीं कोरियन एक्ट्रेस पार्क हे-जिन की एक्टिंग की जमकर तारीफ हो रही है। उन्होंने उस बुजुर्ग महिला का किरदार निभाया है जिसकी शेनबा देखभाल करती है। साथ ही सी-हुन बेक ने भी अपने रोल के साथ पूरा न्याय किया है। कुल मिलाकर, ‘मेड इन कोरिया’ भारतीय और कोरियन कलाकारों के संगम की एक सराहनीय कोशिश है।
