अमृतसर की रूहानियत के कायल हुए सात समंदर पार के सितारे, गोल्डन टेंपल पहुंचीं ‘मिस इंग्लैंड’ और ‘मिस वर्ल्ड इंग्लैंड’; सेवा भाव देख हुईं गदगद

Punjab

अमृतसर: सचखंड श्री हरिमंदर साहिब (स्वर्ण मंदिर) की आभा और वहां के रूहानी सुकून ने सात समंदर पार से आईं सुंदरियों का दिल जीत लिया है। आज ‘मिस इंग्लैंड 2025-26’ ग्रेस रिचर्डसन और ‘मिस इंग्लैंड वर्ल्ड’ चार्लोट ग्रांट ने श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होकर गुरु घर का आशीर्वाद लिया। मिस ग्रांट, जो मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं, इस पावन स्थान की शांति और व्यवस्था देखकर बेहद प्रभावित नजर आईं।

दर्शन करने के उपरांत मीडिया से रूबरू होते हुए दोनों ब्रिटिश सुंदरियों ने श्री हरिमंदर साहिब की आध्यात्मिक ऊर्जा की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह स्थान न केवल अद्भुत है, बल्कि यहां का शांत वातावरण आत्मा को सुकून देने वाला है। उन्होंने विशेष रूप से सिख धर्म में प्रचलित ‘सेवा’ और बिना किसी भेदभाव के सदियों से चली आ रही ‘लंगर’ प्रथा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एक ही छत के नीचे हर धर्म, जाति और देश के लोगों का एक साथ बैठकर भोजन करना पूरी दुनिया के लिए मानवता की एक बड़ी मिसाल है।

मिस ग्रेस रिचर्डसन ने इसे अपना सौभाग्य बताते हुए कहा कि दुनिया के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक ‘गोल्डन टेंपल’ के दर्शन करना उनके लिए एक यादगार अनुभव है। उन्होंने कहा कि वह यहां से केवल यादें ही नहीं, बल्कि विश्व शांति और आपसी भाईचारे का एक गहरा संदेश लेकर अपने मुल्क वापस जाएंगी।

दोनों सुंदरियों ने कहा कि उन्होंने पहले इस स्थान के बारे में बहुत सुना था, लेकिन यहां आकर जो श्रद्धा और सत्कार उन्होंने देखा, वह अकल्पनीय है। उन्होंने मंदिर परिसर की सफाई और वहां मौजूद श्रद्धालुओं के अनुशासन की भी काफी तारीफ की। इस यात्रा के दौरान उन्होंने कुछ समय परिसर में बैठकर गुरबाणी का आनंद भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *