रैपर बादशाह की मुश्किलें बढ़ीं, महिला आयोग ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट, पासपोर्ट जब्त करने और देश छोड़ने पर रोक के आदेश

Entertainment

चंडीगढ़: मशहूर बॉलीवुड सिंगर और रैपर बादशाह (आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया) ‘टटहरी’ गाने को लेकर कानूनी शिकंजे में बुरी तरह फंस गए हैं। हरियाणा राज्य महिला आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए बादशाह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। समन के बावजूद शुक्रवार को पानीपत में पेश न होने पर आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने सख्त नाराजगी जाहिर की और पुलिस को आदेश दिया कि बादशाह का पासपोर्ट तत्काल जब्त किया जाए ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सकें।

आयोग ने बादशाह को आज दोपहर पानीपत एसपी कार्यालय में पेश होने के लिए समन जारी किया था। हालांकि, बादशाह खुद पेश नहीं हुए और उनके वकीलों ने पेशेवर व्यस्तताओं का हवाला देते हुए और समय की मांग की। वकीलों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पक्ष रखने की अनुमति भी मांगी, जिसे आयोग ने सिरे से खारिज कर दिया। चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने दो टूक कहा कि अगर बादशाह दोपहर 3 बजे तक पेश नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उन्होंने पंचकूला और पानीपत के एसपी को गिरफ्तारी के निर्देश दे दिए।

विवाद की जड़ 1 मार्च 2026 को रिलीज हुआ बादशाह का गाना “टटहरी” है। महिला आयोग और कई सामाजिक संगठनों का आरोप है कि इस गाने के बोल और फिल्माए गए दृश्य महिलाओं के लिए बेहद आपत्तिजनक और अमर्यादित हैं। विवाद बढ़ता देख पंचकूला पुलिस के हस्तक्षेप के बाद इस गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया था। आयोग ने 6 मार्च को ही नोटिस भेजकर इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा था।

चारों तरफ से घिरने के बाद बादशाह ने एक वीडियो संदेश जारी कर सार्वजनिक तौर पर माफी भी मांगी है। उन्होंने कहा, “मेरे गाने के कुछ बोल और दृश्यों से हरियाणा के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंची है। मैं खुद हरियाणा से हूं, मुझे अपना बेटा समझकर माफ कर दें।” हालांकि, महिला आयोग फिलहाल माफी के मूड में नजर नहीं आ रहा है और उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश होकर जवाब देने पर अड़ा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *