चांद पर भी खुलेगा पंजाबी ढाबा! ‘प्रोग्रेसिव पंजाब समिट’ में बोले केजरीवाल

Punjab

मोहाली: पंजाब को औद्योगिक क्षेत्र में नंबर-1 बनाने के उद्देश्य से आज मोहाली में ‘प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट 2026’ का शानदार आगाज हो गया। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने समिट का उद्घाटन करते हुए दुनिया भर के दिग्गजों को पंजाब में निवेश के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जहां पंजाब की बेहतर कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर का भरोसा दिया, वहीं आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाबियों की उद्यमशीलता पर चुटकी लेते हुए उनके जज्बे को सलाम किया।

समिट के पहले ही दिन दिग्गज उद्योगपति एल.एन. मित्तल ने पंजाब के लिए अपनी तिजोरी खोल दी। उन्होंने राज्य में स्पेशलिटी और फाइन केमिकल्स के क्षेत्र में 2,600 करोड़ रुपये के नए निवेश की बड़ी घोषणा की। मित्तल ने कहा कि पंजाब का माहौल और सरकार की नीतियां उद्योगों के अनुकूल हैं, यही वजह है कि वे राज्य में अपने विस्तार को लेकर उत्साहित हैं।

समिट को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने अपने खास अंदाज में पंजाबियों की तारीफ की। उन्होंने कहा, “पंजाब एंटरप्रेन्योर की धरती है। यहां के खून में व्यापार है। एक मजाक चलता है कि अगर कल को चांद पर इंसानों का बसना शुरू हुआ, तो वहां भी सबसे पहले पंजाबी ढाबा ही खुलेगा।” केजरीवाल ने अपनी पार्टी ‘AAP’ को भी एक सफल ‘पॉलिटिकल स्टार्टअप’ बताया और कहा कि जिस तरह उन्होंने राजनीति बदली है, वैसे ही पंजाब की अर्थव्यवस्था बदलेंगे।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार केवल निवेश ही नहीं ला रही, बल्कि युवाओं को रोजगार के काबिल बनाने के लिए स्कूल स्तर से ही कौशल विकास (Skill Development) पर काम कर रही है। सीएम ने कहा, “हमारी इंटरनेशनल कनेक्टिविटी और वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर निवेशकों के लिए बेहतरीन मंच है। हम यहां निवेश करने वाले हर उद्योगपति को हर संभव सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *