Haryana Desk: कुरुक्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहाँ एक विवाहित महिला की तस्वीरों को एडिट कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। आरोपियों ने न केवल महिला को बदनाम करने की साजिश रची, बल्कि पुराने केस वापस लेने का दबाव बनाते हुए परिवार से लाखों रुपये भी ठग लिए। पुलिस ने मुख्य आरोपी गुरजेंट सिंह समेत उसके तीन साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फेसबुक से फोटो चोरी कर रची गई साजिश
शिकायत के अनुसार, पंजाब के अमृतसर निवासी आरोपी गुरजेंट सिंह ने फेसबुक के जरिए महिला की तस्वीरें हासिल की थीं। हालांकि पीड़िता की शादी दो साल पहले हो चुकी है और उसका आरोपी से कोई संपर्क नहीं था, लेकिन आरोपी उसे लगातार फोन कर परेशान कर रहा था। आरोपी ने उन तस्वीरों को एडिट किया और महिला के भाई को धमकी दी कि यदि साल 2022 में दर्ज छेड़खानी और स्टॉकिंग का पुराना केस वापस नहीं लिया गया, तो वह इन तस्वीरों को सार्वजनिक कर देगा। इसी डर का फायदा उठाकर आरोपियों ने परिवार से करीब डेढ़ लाख रुपये भी ऐंठ लिए। इस पूरी साजिश में गुरजेंट के साथ बलजीत, जोगराज और जसपाल सिंह भी शामिल बताए जा रहे हैं।