Punjab Desk: कनाडा से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां मोगा जिले के गांव दौलतपुरा नीवां के निवासी दविंदर सिंह की टैक्सी चलाते समय बेरहमी से हत्या कर दी गई। दविंदर वहां टैक्सी ड्राइवर के तौर पर काम कर रहे थे और एक महिला को अपहरणकर्ताओं से बचाने के फेर में दुर्घटनावश इस हिंसक वारदात का शिकार हो गए। इस दुखद घटना के बाद दविंदर के पैतृक गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कैसे हुई यह वारदात?
जानकारी के अनुसार, दविंदर सिंह अपनी टैक्सी में ड्यूटी पर था, तभी एक महिला भागती हुई आई और उसकी टैक्सी में बैठ गई। बताया जा रहा है कि वह महिला कुछ अपहरणकर्ताओं के चंगुल से बचकर निकली थी। इससे पहले कि दविंदर कुछ समझ पाता या वहां से निकलता, महिला का पीछा कर रहे हथियारबंद हमलावर मौके पर पहुंच गए। उन्होंने टैक्सी पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिससे दविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हमलावर उस महिला को दोबारा अगवा कर अपने साथ ले गए।
गांव में शोक की लहर
दविंदर की मौत की खबर मिलते ही उसके पैतृक गांव दौलतपुरा नीवां में मातम छा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि दविंदर एक मेहनती युवक था जो परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए विदेश गया था। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
सरकार से इंसाफ की गुहार
पीड़ित परिवार और गांव के लोगों ने भारत सरकार और पंजाब सरकार से अपील की है कि वे कनाडा सरकार के साथ यह मुद्दा उठाएं। उनकी मांग है कि:
-
इस मामले की गहन जांच कर दोषियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।
-
दविंदर के शव को जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की जाए।