मनोरंजन डेस्क: सिनेमाघरों में आज ‘धुरंधर: द रिवेंज’ (Dhurandhar: The Revenge) ने दस्तक दे दी है। पहले भाग की अपार सफलता और अधूरे छूटे सवालों ने दर्शकों के बीच जो बेचैनी पैदा की थी, उसका समाधान आज पर्दे पर होने की उम्मीद है। मेकर्स का दावा है कि यह दूसरा भाग पहले से कहीं ज्यादा खूंखार और रोमांचक होने वाला है।
आइए जानते हैं उन सवालों के बारे में, जिनके जवाब ढूंढने के लिए फैंस थिएटर की ओर दौड़ रहे हैं:
1. आखिर कौन हैं ‘बड़े साहब’?
‘कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा?’ के बाद फिल्मी गलियारों में सबसे बड़ा सवाल यही है— बड़े साहब कौन हैं? पहले भाग में सिर्फ इस नाम की दहशत दिखी थी, चेहरा नहीं। सोशल मीडिया पर थ्योरी चल रही है कि क्या यह किरदार दाऊद इब्राहिम या हाफिज सईद से प्रेरित है? साथ ही सस्पेंस इस बात पर भी है कि इसे निभाया किसने है— सलमान खान, इमरान हाशमी या जिम्मी शेरगिल? धुरंधर 2 इस राज से पर्दा उठा सकती है।
2. जसकीरत सिंह रंगी कैसे बना ‘हमजा’?
रणवीर सिंह का किरदार ‘हमजा अली मजारी’ असल में एक भारतीय अंडरकवर एजेंट ‘जसकीरत सिंह रंगी’ है। लेकिन एक सिख युवक हमजा कैसे बना? वह जेल में क्यों था? अजय सान्याल (आर माधवन) ने उसे ही इस मिशन के लिए क्यों चुना? दर्शकों को उम्मीद है कि इस पार्ट में जसकीरत की इमोशनल ‘बैक स्टोरी’ देखने को मिलेगी।
3. अगर हमजा का सच खुला, तो क्या होगा अंजाम?
मेजर इकबाल (अर्जुन रामपाल) को हमजा पर शक होने के संकेत पहले ही मिल चुके हैं। अगर हमजा की असलियत बेनकाब हुई, तो पूरा मिशन और नेटवर्क खतरे में पड़ जाएगा। क्या हमजा अपनी पहचान बचा पाएगा या फिर जसकीरत बनकर खुलेआम जंग लड़ेगा? यह फिल्म का सबसे टर्निंग पॉइंट हो सकता है।
4. यालीना: प्यार या बगावत?
ट्रेलर में सारा अर्जुन (यालीना) को बंदूक चलाते देख फैंस हैरान हैं। क्या यालीना को हमजा का सच पता चल गया है और वह उसके खिलाफ हो गई है? या फिर वह प्यार की खातिर अपने ही पिता और मुल्क से बगावत कर देगी? यालीना और हमजा की इस अधूरी प्रेम कहानी का अंत क्या होगा, यह देखना दिलचस्प होगा।
5. क्या ‘धुरंधर 3’ की भी है तैयारी?
दर्शकों के मन में एक डर यह भी है कि कहीं मेकर्स एक बार फिर कहानी को बीच में छोड़कर ‘धुरंधर 3’ का इंतजार न करवा दें। क्या इस रिवेंज ड्रामा का अंत इसी भाग में होगा या कहानी अभी और आगे जाएगी?