पंजाब डेस्क: मशहूर पंजाबी गायक मनकीरत औलख एक बार फिर गैंगस्टरों के निशाने पर हैं। बंबीहा गैंग से जुड़े कुख्यात गैंगस्टर लक्की पटियाल की एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें उसने खुलेआम मनकीरत औलख को जान से मारने की धमकी दी है। इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
“गनमैन रख लो, पर अब नंबर तुम्हारा है”
वायरल ऑडियो में गैंगस्टर लक्की पटियाल दावा कर रहा है कि चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में हुई हालिया हत्या के बाद विरोधियों में खलबली मची हुई है। उसने सख्त लहजे में कहा कि सुरक्षा बढ़ाने या गनमैन रखने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा और अब अगला निशाना मनकीरत औलख ही होंगे। गैंगस्टर ने यह भी आरोप लगाया कि गायक अक्सर मोहाली में होने के बावजूद विदेश की ‘लोकेशन स्टोरी’ सोशल मीडिया पर डालता रहता है ताकि गुमराह किया जा सके।
चंडीगढ़ मर्डर से जुड़ा कनेक्शन
गौरतलब है कि बीते बुधवार (18 मार्च) को चंडीगढ़ के पॉश इलाके सेक्टर-9 में एक प्रॉपर्टी डीलर की 12 गोलियां मारकर सरेआम हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात की जिम्मेदारी भी लक्की पटियाल ने सोशल मीडिया के जरिए ली है। उसका दावा है कि मृतक उनके विरोधियों को गुप्त जानकारियां मुहैया करा रहा था। इसी घटना के संदर्भ में अब उसने मनकीरत को चेतावनी दी है।
तीसरी बार मिली जान से मारने की धमकी
यह पहली बार नहीं है जब मनकीरत औलख को निशाना बनाने की बात कही गई है। इससे पहले भी उन्हें दो बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद से ही मनकीरत की सुरक्षा को लेकर कई बार सवाल उठे थे और वे लंबे समय तक रडार पर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस वायरल ऑडियो की सत्यता की जांच कर रही हैं और गायक की सुरक्षा की समीक्षा की जा रही है।