एक्ट्रेस निमिषा नायर के साथ रोड रेज, पीछा करने वाले दो युवक पुलिस हिरासत में

Entertainment

Entertainment Desk: अभिनेत्री निमिषा नायर ने मुंबई में रोड रेज का शिकार होने के बाद दो युवकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यह घटना 17 मार्च की सुबह करीब 4:45 बजे की है, जब निमिषा अपने दोस्त के साथ उबर कैब से अंधेरी से नरिमन पॉइंट जा रही थीं। बांद्रा ईस्ट के खेरवाड़ी ब्रिज पर कैब द्वारा एक मोटरसाइकिल को ओवरटेक करने के बाद विवाद शुरू हुआ।

आरोप है कि ओवरटेक करने से नाराज मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने कैब का पीछा करना शुरू कर दिया। युवकों ने न केवल कैब को रोकने की कोशिश की, बल्कि जबरन दरवाजा खोलने का प्रयास किया और ड्राइवर को भी धमकाया। निमिषा ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत घटना का वीडियो बनाना शुरू कर दिया और मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट कर लिया, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले।

निमिषा ने इस घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए मुंबई पुलिस को टैग किया और कार्रवाई की मांग की। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाई और गाड़ी के नंबर के आधार पर दादर निवासी 25 और 27 वर्षीय दो आरोपियों को पहचान कर हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों के परिजन भी थाने पहुंचे और अपनी गलती स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को एक दिन हिरासत में रखने और भविष्य में ऐसी गलती न करने की चेतावनी भरा नोटिस देने के बाद छोड़ दिया गया है। निमिषा ने अपनी पोस्ट में जोर दिया कि एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर ऐसी घटनाओं की रिपोर्ट करना बहुत जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *