मान सरकार की बड़ी उपलब्धि: अब सरकारी मेडिकल कॉलेजों में होगा हार्ट और कैंसर का आधुनिक इलाज

Punjab

Punjab Desk: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर कई बड़े ऐलान किए हैं। मुख्य रूप से मलेरकोटला के निवासियों के लिए खुशखबरी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि वहां मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए जमीन खरीद ली गई है। आज इसकी कागजी कार्रवाई पूरी हो जाएगी और कल ईद के मुबारक मौके पर मेडिकल कॉलेज की जमीन के दस्तावेज औपचारिक रूप से सौंप दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने पंजाब के अन्य मेडिकल प्रोजेक्ट्स पर भी अपडेट दिया। उन्होंने बताया कि संगरूर मेडिकल कॉलेज की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इसके साथ ही लहरागागा में जैन मेडिकल समुदाय द्वारा एक और कॉलेज तैयार किया जा रहा है। मोहाली में पंजाब का पहला ‘इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर’ भी सफलतापूर्वक काम शुरू कर चुका है।

कैंसर की रोकथाम के लिए सरकार ने स्क्रीनिंग और जांच सुविधाओं का विस्तार किया है। सीएम मान ने बताया कि अब सरकारी स्तर पर पैट स्कैन (PET Scan) की सुविधा भी उपलब्ध करा दी गई है। आंकड़ों के अनुसार, 1 सितंबर से 9 मार्च के बीच हजारों महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग की गई, जिसमें संभावित मरीजों की पहचान कर उनका इलाज भी शुरू कर दिया गया है।

दिल के रोगों के इलाज को लेकर भी सरकार ने बड़ी राहत दी है। अब पटियाला, अमृतसर और फरीदकोट के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में हृदय रोगों से संबंधित आधुनिक सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सरकार का लक्ष्य मरीजों को ‘गोल्डन आवर’ (हार्ट अटैक के तुरंत बाद का समय) में इलाज मुहैया कराकर उनकी जान बचाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *