Punjab Desk: पंजाब के मोहाली (सेक्टर 80) के एक पीजी में 22 साल की रिधिमा ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मूल रूप से अबोहर की रहने वाली रिधिमा पिछले साढ़े तीन साल से मोहाली की एक निजी कंपनी में काम कर रही थी। इस मामले में पुलिस ने रिधिमा की मां की शिकायत पर उसके लिव-इन पार्टनर ओम तरुण शिव के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
रिधिमा और गुरदासपुर का रहने वाला तरुण पिछले काफी समय से लिव-इन रिलेशनशिप में थे। परिजनों का आरोप है कि तरुण अक्सर रिधिमा के साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। आरोप यह भी है कि तरुण ने न केवल रिधिमा का रिश्ता तुड़वाया, बल्कि उसे लगातार धमकियां भी देता रहता था।
घटना वाले दिन यानी 27 फरवरी की सीसीटीवी फुटेज में दोनों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दी है, जिसके बाद आरोपी मौके से चला गया। खुदकुशी करने से ठीक पहले रिधिमा ने कनाडा में रहने वाली अपनी एक सहेली को फोन कर आपबीती सुनाई थी। अगले दिन 28 फरवरी को रिधिमा का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला।
हैरानी की बात यह है कि यह घटना फरवरी की है, लेकिन पुलिस ने अब जाकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जिस पीजी में रिधिमा रहती थी, वह आरोपी के आधार कार्ड पर ही किराए पर लिया गया था। पुलिस अब मोबाइल फोन के डंप डेटा और कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए सबूत जुटा रही है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।