हरियाणा विजन-2047: सीएम सैनी ने गोहाना में भरी विकास की हुंकार, स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए किए बड़े ऐलान

Haryana

Haryana Desk: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने रविवार को गोहाना के विकास के लिए पिटारा खोलते हुए करोड़ों रुपए की सौगातों की बौछार कर दी। डॉक्टर अरविंद शर्मा द्वारा आयोजित ‘धन्यवाद एवं विकास रैली’ में मुख्यमंत्री ने खेल, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जनसभा को संबोधित करते हुए गोहाना में एक आधुनिक खेल स्टेडियम बनाने का ऐलान किया। इसके साथ ही शहर की ट्रैफिक और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए महम रोड पर नया 33 के.वी. सब-स्टेशन बनाने और खानपुर कलां के सब-स्टेशन को अपग्रेड करने की घोषणा की। सोनीपत रोड पर एक भव्य शिवधाम और ड्रेन नंबर 8 के पास भगवान परशुराम विरासत पार्क के साथ जॉगिंग ट्रैक भी बनाया जाएगा।

प्रशासनिक सुधार और गांवों के नाम में बदलाव

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करते हुए खानपुर कलां सब-तहसील को तहसील में अपग्रेड करने का भरोसा दिया। साथ ही बरोदा और फरमाना को सब-तहसील का दर्जा दिया जाएगा। जनता की मांग और ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री ने गांव ‘गढ़ी उजालेखां’ का नाम बदलकर कृष्ण नगर और ‘गढ़ी नामदारखां’ का नाम सुंदर नगर रखने की घोषणा की।

स्वास्थ्य और शिक्षा पर विशेष ध्यान

खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह मेडिकल कॉलेज के लिए भी बड़ी घोषणाएं की गईं। यहाँ पीपीपी मोड पर एक कार्डियक कैथ लैब स्थापित की जाएगी। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने बताया कि संस्थान में फिजियोथैरेपी कॉलेज की बिल्डिंग तैयार होते ही शैक्षणिक सत्र 2027-28 से कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। शहर में पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए एक मल्टी-स्टोरी पार्किंग बनाने का भी प्रस्ताव रखा गया है।

हरियाणा विजन डॉक्यूमेंट-2047 और किसान कल्याण

पीएम मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को दोहराते हुए सीएम सैनी ने कहा कि प्रदेश के लिए ‘हरियाणा विजन डॉक्यूमेंट-2047’ तैयार किया गया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने अपने संकल्प पत्र के 217 वादों में से 60 को महज डेढ़ साल में पूरा कर दिया है। किसानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा एकमात्र ऐसा राज्य है जहाँ 24 फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही हैं। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि प्रदेश में ईंधन और गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *