Haryana Desk: हरियाणा सरकार ने बुधवार (8 अप्रैल) को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 15 अधिकारियों के तबादले कर दिए। ये सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। सरकारी आदेश के मुताबिक, विनीत गर्ग को मुद्रण एवं लेखन सामग्री विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। वहीं, गुरुग्राम के उपायुक्त अजय कुमार का तबादला कर उन्हें मुख्यमंत्री के डिप्टी प्रिंसिपल सेक्रेटरी-2 के पद पर नियुक्त किया गया है।
यह उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री के डिप्टी प्रिंसिपल सेक्रेटरी-2 का पद नया सृजित किया गया है। अजय कुमार नवंबर 2024 से गुरुग्राम के डीसी के रूप में कार्य कर रहे थे। उनकी जगह अब उत्तम सिंह को गुरुग्राम का नया उपायुक्त बनाया गया है। रोहतक नगर निगम के आयुक्त और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्रशासक पद से हटाकर आनंद कुमार शर्मा को करनाल का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। इस पद पर पहले उत्तम सिंह तैनात थे।
अन्य तबादलों की बात करें तो, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव पंकज अग्रवाल को वास्तुकला विभाग में प्रधान सचिव बनाया गया है। इस पद पर पहले अपूर्व कुमार सिंह कार्यरत थे।सरकारी आदेश के अनुसार, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव तथा विकास एवं पंचायत विभाग के आयुक्त एवं सचिव का दायित्व संभाल रहे साकेत कुमार को अब अभिलेखागार विभाग में आयुक्त एवं सचिव नियुक्त किया गया है। इस बदलाव के साथ ही शेखर विद्यार्थी को इस पद के कार्यभार से मुक्त कर दिया गया है।
इसके अलावा, मणि राम शर्मा को स्वास्थ्य विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है। वह इससे पहले सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत थे। वहीं, परिवहन विभाग के सचिव अतुल कुमार को वित्त विभाग में कमिश्नर एवं सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। श्रम आयुक्त दुस्मंत्र कुमार बेहरा का भी तबादला करते हुए उन्हें राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।