नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में TGT अध्यापक गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

Haryana

Haryana Desk: सिरसा जिले में गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां पुलिस ने एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ करने के आरोप में टीजीटी (TGT) अध्यापक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। सिविल लाइन थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए यह कदम उठाया गया है।

मदद के बहाने घर आता था आरोपी शिक्षक

पीड़िता द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी अध्यापक का उनके घर पर काफी समय से आना-जाना था, जिसके कारण परिवार उस पर भरोसा करता था। घटना वाले दिन दोपहर के समय आरोपी पीड़िता के घर पहुँचा। उस वक्त घर के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे और नाबालिग अकेली थी। आरोप है कि घर को खाली पाकर आरोपी की नीयत बिगड़ गई और उसने जबरदस्ती छात्रा का हाथ पकड़कर उसे कमरे के अंदर खींच लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा।

शोर मचाने पर भागा आरोपी, अब पहुँचा सलाखों के पीछे

जब पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू किया, तो पकड़े जाने के डर से आरोपी अध्यापक मौके से फरार हो गया। परिजनों को आपबीती बताने के बाद पुलिस में मामला दर्ज करवाया गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज करने के तुरंत बाद छापेमारी की और आरोपी विजेंद्र सिंह को सिरसा शहर से दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *