एंटरटेनमेंट डेस्क: ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ और ‘गुंजन सक्सेना’ जैसी फिल्मों से मशहूर हुईं लोकप्रिय चाइल्ड आर्टिस्ट और इन्फ्लुएंसर रीवा अरोड़ा इन दिनों एक कड़वे अनुभव को लेकर चर्चा में हैं। रीवा ने हाल ही में एक डिलीवरी एजेंट पर उनके और उनके परिवार के साथ दुर्व्यवहार और गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगाया है।
शुरुआत से ही खराब था रवैया
हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में रीवा ने बताया कि यह घटना 26 अप्रैल की है, जब उन्होंने ग्रोसरी ऐप ‘ब्लिंकइट’ (Blinkit) से कुछ सामान ऑर्डर किया था। रीवा के मुताबिक, डिलीवरी एजेंट का लहजा शुरू से ही बहुत खराब और असभ्य था। जब रीवा की मां ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करने की कोशिश की, तो एजेंट और ज्यादा आक्रामक हो गया और बदतमीजी पर उतर आया।
लिफ्ट में बहन के साथ भी की बदसलूकी
रीवा ने बताया कि बात तब और बिगड़ गई जब उनकी बहन का सामना लिफ्ट में उस एजेंट से हुआ। रीवा ने कहा, “बिना किसी उकसावे के वह अपमानजनक और भद्दी भाषा का इस्तेमाल करता रहा। मेरी बहन ने उसे टोकना चाहा, लेकिन वह नहीं रुका। उसका व्यवहार इतना डरावना और अनुचित था कि हमें लगा अब चुप रहना ठीक नहीं है।”
पुलिस की लेनी पड़ी मदद
हालात इतने तनावपूर्ण हो गए थे कि रीवा और उनके परिवार को तुरंत मुंबई पुलिस को फोन करना पड़ा। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हो गया है। रीवा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने इस घटना को लेकर औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है।
ऐप से नहीं मिला कोई ठोस जवाब
रीवा ने इस बात पर नाराजगी जाहिर की है कि डिलीवरी ऐप के खिलाफ शिकायत करने के बावजूद अभी तक उन्हें कोई संतोषजनक समाधान या स्पष्ट जवाब नहीं मिला है।