चंडीगढ़: हरियाणा में सरकारी नौकरी की राह देख रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने विभिन्न सरकारी विभागों के पदों के लिए होने वाले फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट (PMT) यानी शारीरिक मापदंड परीक्षा का नया शेड्यूल आधिकारिक तौर पर जारी कर दिया है। इस टेस्ट के जरिए उम्मीदवारों की लंबाई और छाती की नाप-जोख की जाएगी।
आयोग ने विज्ञापन संख्या 13/2024, 01/2026, 02/2026 और 04/2026 के तहत शॉर्टलिस्ट किए गए पुरुष उम्मीदवारों के लिए इस पूरे परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा की है।
22 से 27 जून तक चलेंगी परीक्षाएं, 4 शिफ्टों में होगा टेस्ट
आयोग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह शारीरिक परीक्षा 22 जून से लेकर 27 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा को बिना किसी रुकावट के पूरा कराने के लिए उम्मीदवारों को अलग-अलग बैच में बांटा गया है।
समय को लेकर आयोग ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। दिनभर में कुल 4 बैच बुलाए जाएंगे, जिनका रिपोर्टिंग टाइम इस प्रकार है:
-
पहला बैच: सुबह 07:00 बजे
-
दूसरा बैच: सुबह 09:00 बजे
-
तीसरा बैच: सुबह 11:00 बजे
-
चौथा बैच: दोपहर 01:00 बजे
महत्वपूर्ण निर्देश: तय समय के बाद परीक्षा केंद्र पर पहुंचने वाले किसी भी उम्मीदवार को अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा और न ही उन्हें दूसरा मौका मिलेगा।
डेटा और पहचान की गड़बड़ी वाले उम्मीदवारों के लिए विशेष व्यवस्था
ऑनलाइन आवेदनों की स्क्रूटनी (जांच) के दौरान आयोग को कुछ उम्मीदवारों के फोटो, अंगूठे के निशान (थंब इंप्रेशन) या अन्य पहचान संबंधी दस्तावेजों में विसंगतियां/गड़बड़ी मिली थीं। ऐसे संदिग्ध उम्मीदवारों की एक सूची वेबसाइट पर ‘एनेक्सचर-बी’ (Annexure-B) के नाम से पहले ही अपलोड की जा चुकी है।
भर्ती प्रक्रिया में किसी भी तरह के फर्जीवाड़े को रोकने के लिए आयोग ने इन उम्मीदवारों के बायोमेट्रिक मिलान और पहचान के सत्यापन (Verification) के लिए एक अलग से विशेष कार्यक्रम तैयार किया है।
ये दस्तावेज साथ लाना है अनिवार्य
HSSC ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे तुरंत आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने रजिस्ट्रेशन नंबर के अनुसार अलॉट की गई तारीख और शिफ्ट की जांच कर लें। परीक्षा केंद्र पर जाते समय निम्नलिखित दस्तावेज साथ ले जाना अनिवार्य है:
-
एडमिट कार्ड (Admit Card)
-
सभी जरूरी शैक्षणिक व अन्य मूल दस्तावेज (Original Documents) और उनकी फोटोकॉपी
-
एक वैध पहचान पत्र (जैसे- वोटर आईडी कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस)
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी तरह की हड़बड़ी से बचने के लिए परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें।