फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद से पहचान छिपाकर धोखाधड़ी और शादी करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक युवती ने आरोप लगाया है कि एक युवक ने अपना धर्म और असली नाम छिपाकर उसे प्रेमजाल में फंसाया और फिर शादी कर ली। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने खुद को ‘वीर’ बताकर उससे दोस्ती की थी, लेकिन शादी के बाद ससुराल पहुंचने पर पता चला कि उसका असली नाम ‘आरिफ’ है।
पहले से शादीशुदा और तीन बच्चों का पिता है आरोपी
पीड़िता का आरोप है कि सच्चाई सामने आने पर उसे यह भी पता चला कि आरिफ न सिर्फ दूसरे धर्म से है, बल्कि वह पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता भी है। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने सोची-समझी साजिश के तहत अपनी धार्मिक और पारिवारिक पहचान छिपाकर उसके साथ यह धोखाधड़ी की है।
बिट्टू बजरंगी के साथ थाने पहुंची पीड़िता, जांच शुरू
मामले का खुलासा होने के बाद, पीड़िता गोरक्षा बजरंग फोर्स के अध्यक्ष बिट्टू बजरंगी के साथ बल्लभगढ़ के आदर्श नगर थाना पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। थाना अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों और तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है, और जो भी सबूत सामने आएंगे, उनके अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।