रोहतक: अभ्यास के दौरान तालाब में डूबने से राष्ट्रीय स्तर की जूनियर नौकायन खिलाड़ी माया धनखड़ की दर्दनाक मौत

Haryana

रोहतक: रोहतक जिले के करौंथा गांव से एक बेहद दुखद और झझोंर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ अभ्यास के दौरान तालाब में डूबने से 15 वर्षीय राष्ट्रीय स्तर की जूनियर नौकायन (रोइंग/कैनोइंग) खिलाड़ी माया धनखड़ की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद खेल जगत और पूरे इलाके में शोक की लहर है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।

तैरकर तालाब पार करते समय फूला दम

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, माया पिछले एक साल से तैराकी और नौकायन का कड़ा प्रशिक्षण ले रही थी। वह रोजाना सुबह और शाम अभ्यास के लिए गांव के बड़े तालाब पर जाती थी। सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे, रोजाना की तरह नौकायन का अभ्यास खत्म करने के बाद वह लगभग 100 मीटर चौड़े तालाब को तैरकर पार करने की कोशिश कर रही थी।

इसी दौरान तालाब के बिल्कुल बीचों-बीच पहुँचने पर अचानक उसकी सांस फूलने लगी और वह पानी में डूबने लगी। माया की चीख-पुकार सुनकर पास में मौजूद लोगों ने तुरंत दूसरी नाव की मदद से उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसके पेट में काफी पानी जा चुका था। उसे गंभीर हालत में तुरंत पीजीआई (PGI) रोहतक ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

राष्ट्रीय स्तर पर चमक चुकी थी माया

महज 15 साल की उम्र में माया ने खेल की दुनिया में अपनी एक खास पहचान बना ली थी। वह हाल ही में आयोजित हुई 36वीं राष्ट्रीय कैनो स्प्रिंट जूनियर एवं सब-जूनियर चैंपियनशिप के चयन ट्रायल में दूसरे स्थान पर रही थी। इसके अलावा, इसी साल जून महीने में रायपुर में आयोजित हुई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी उसने हिस्सा लिया था, जहाँ उसकी टीम ने सातवां स्थान हासिल किया था।

तीन महीने पहले ही अकादमी को मिली थी मान्यता

मृतक खिलाड़ी के पिता जयप्रकाश ने बताया कि गांव की ही अंतरराष्ट्रीय नौकायन खिलाड़ी पूजा धनखड़ द्वारा संचालित इस अकादमी में करीब 10 से अधिक बेटियां ट्रेनिंग ले रही हैं। खेल विभाग ने महज तीन महीने पहले ही इस अकादमी को अपनी आधिकारिक मान्यता दी थी और कोच के रूप में पूजा धनखड़ को मानदेय (सैलरी) देना भी शुरू किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *