चंडीगढ़। सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स पर पार्ट-टाइम जॉब, यूट्यूब वीडियो लाइक करने, डेटा एंट्री, ऑनलाइन रिव्यू और वर्क फ्रॉम होम के नाम पर मोटी कमाई का झांसा देकर साइबर ठग लोगों को निशाना बना रहे हैं। हरियाणा पुलिस ने ऐसे फर्जी जॉब ऑफर्स से सतर्क रहने की अपील की है।

पुलिस के मुताबिक साइबर अपराधी शुरुआत में आसान काम बताकर अच्छी कमाई का लालच देते हैं। पहले-पहल कुछ रुपये भेजकर लोगों का भरोसा जीता जाता है, और उसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस, सिक्योरिटी डिपॉजिट, टास्क अपग्रेड जैसे बहानों से बड़ी रकम ऐंठ ली जाती है।

पुलिस ने सलाह दी है कि किसी भी ऑनलाइन जॉब ऑफर पर यकीन करने से पहले उसकी अच्छी तरह पड़ताल कर लें। किसी अनजान शख्स या कंपनी के कहने पर रजिस्ट्रेशन फीस या सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर पैसे न भेजें। इसके अलावा बैंक डिटेल्स, OTP, UPI पिन या कोई भी गोपनीय वित्तीय जानकारी किसी से साझा न करें।

अगर कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज करानी चाहिए।

सतर्क रहें, सुरक्षित रहें, और किसी भी ऑनलाइन जॉब ऑफर में पैसा भेजने से पहले उसकी सच्चाई जरूर परख लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *