करनाल। अंकित बालियान हत्याकांड मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने करनाल में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने करनाल के कलंदरी गेट इलाके में स्थित आरोपी आर्यन के घर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान मकान में रखा सामान बाहर निकलवाया गया और पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया।
कार्रवाई के दौरान इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ करनाल पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद थी। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण आसपास के क्षेत्र में हलचल बढ़ गई और कार्रवाई को देखने के लिए स्थानीय लोग भी मौके पर जमा हो गए।
हत्याकांड में सामने आए थे दो नाम
जानकारी के मुताबिक, अंकित बालियान हत्याकांड की जांच के दौरान करनाल से दो आरोपियों के नाम सामने आए थे। इनमें सत्यम और आर्यन शामिल बताए जा रहे हैं। आर्यन करनाल के कलंदरी गेट क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार, हत्याकांड से जुड़े मामले में आरोपी आर्यन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के तहत उसके मकान की कुर्की की गई। कार्रवाई के दौरान घर के अंदर मौजूद सामान को बाहर निकाला गया और पुलिस टीम उसे अपने साथ ले गई।
जांच जारी
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में हत्याकांड को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस मामले से जुड़े आरोपियों की भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से कुर्की की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले में और भी कार्रवाई होने की संभावना है।


