अबोहर (फाजिल्का): अबोहर के दो नामचीन शिक्षण संस्थानों—’अजम्प्शन कॉन्वेंट स्कूल’ और ‘एलआरएस डीएवी सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल’ को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन को यह धमकी एक ईमेल (E-mail) के ज़रिए प्राप्त हुई थी। ईमेल मिलते ही स्कूल प्रशासन ने बिना किसी देरी के सतर्कता बरतते हुए छात्रों को सुरक्षित उनके घर भेजना शुरू कर दिया और तुरंत पुलिस को सूचित किया।
सघन तलाशी अभियान जारी, सुरक्षा कड़ी
सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें तुरंत दोनों स्कूल परिसरों में पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर पूरे स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली जा रही है और आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।
अन्य स्कूलों ने भी एहतियातन की छुट्टी
सूत्रों के अनुसार, बम की खबर शहर में फैलते ही दहशत का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर अबोहर के कई अन्य निजी व सरकारी स्कूलों ने भी एहतियातन समय से पहले विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी। फिलहाल पुलिस और साइबर सेल की टीमें ईमेल के सोर्स (IP Address) को ट्रेस करने में जुटी हैं, ताकि फर्जी या असली धमकी देने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।


