HomePunjabअमृतसर में लंदन की मॉडल का डेढ़ लाख का iPhone 17 Pro...

अमृतसर में लंदन की मॉडल का डेढ़ लाख का iPhone 17 Pro Max छीना, बाइक सवार फरार

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में वाघा बॉर्डर घूमकर लौट रही लंदन की मॉडल लाली के साथ मोबाइल छीनने की वारदात हो गई। रामतलाई चौक के पास बाइक सवार एक युवक उसका करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत का आईफोन 17 प्रो मैक्स झपटकर फरार हो गया। घटना शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। हालांकि, इस मुश्किल घड़ी में अमृतसर के स्थानीय लोगों ने जिस तरह उसकी मदद की, उससे मॉडल काफी प्रभावित हुई। उसने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पंजाब और यहां के लोगों की जमकर तारीफ की।

लाली ने वीडियो में बताया कि वह कुछ पंजाबी और विदेशी पर्यटकों के साथ वाघा बॉर्डर घूमने गई थी। वापस लौटते समय सभी लोग ऑटो में गाने सुनते हुए हंसी-मजाक कर रहे थे। रास्ते में उन्होंने लस्सी भी पी। वह ऑटो की अगली सीट पर बैठी थी और उसका आईफोन 17 प्रो मैक्स गोद में रखा हुआ था। उसने फोन को मजबूती से पकड़ रखा था।

इसी दौरान जब उनका ऑटो रामतलाई चौक के पास पहुंचा तो बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार एक युवक अचानक आया और झपट्टा मारकर उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से लाली घबरा गई और उसे काफी दुख हुआ।

ऑटो चालक ने इस्तेमाल के लिए दिया अपना दूसरा मोबाइल

लाली ने बताया कि उसके मोबाइल के कवर में मोर पंख भी रखा हुआ था, जिसे भारत में मिले एक अनजान व्यक्ति ने उसे उपहार में दिया था। फोन के साथ वह उस यादगार तोहफे को भी खो बैठी।

हालांकि, घटना के बाद ऑटो चालक विक्की ने इंसानियत दिखाते हुए उसे इस्तेमाल करने के लिए अपना अतिरिक्त मोबाइल दे दिया। वहीं, होटल मालिक विकास ने अंतरराष्ट्रीय कॉल के जरिए उसकी माता-पिता से बात करवाई। दोनों ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाने में भी उसकी मदद की।

दोस्त ने फोन खरीदने के लिए की आर्थिक मदद

मॉडल ने बताया कि उसके दोस्त नदीम ने नया मोबाइल खरीदने के लिए आर्थिक सहायता दी। इसके अलावा दिवाली मनाने के लिए पुणे जाने की फ्लाइट टिकट भी बुक करवाई। लाली के अनुसार, उसने मोबाइल छीनने की घटना को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है।

बोली- घटना के बावजूद भारत और पंजाब से प्यार कम नहीं हुआ

लाली पंजाबी गानों में मॉडलिंग भी कर चुकी है। उसने कहा कि मोबाइल छिनने की घटना से उसे दुख जरूर पहुंचा, लेकिन इससे भारत, पंजाब और अमृतसर के प्रति उसका प्यार कम नहीं हुआ है। यह भारत की उसकी नौवीं यात्रा थी।

उसने दूसरे विदेशी पर्यटकों को भी सलाह दी कि अमृतसर और अन्य पर्यटन स्थलों पर घूमते समय मोबाइल फोन और कीमती सामान को लेकर विशेष सावधानी बरतें।

लाली ने कहा कि भारत में मुश्किल समय आने पर लोग जिस तरह परिवार के सदस्यों की तरह मदद के लिए आगे आते हैं, वह बेहद खास है। मोबाइल चोरी होने के बाद स्थानीय लोगों से मिले सहयोग ने उसके मन में अमृतसर के लोगों के प्रति सम्मान और बढ़ा दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments