SPORTS DESK : भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में अपना घर बनाने की इच्छा जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जमीन खरीदने में मदद मांगी है। पंत ने सोशल मीडिया पर एक सार्वजनिक अपील करते हुए कहा कि वह दिल्ली से अपना बेस उत्तराखंड शिफ्ट करना चाहते हैं और अपने गृह राज्य में घर बसाना चाहते हैं। पंत के मुताबिक, वह पिछले करीब तीन वर्षों से उत्तराखंड में उपयुक्त जमीन की तलाश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक मनमुताबिक जगह नहीं मिल सकी। उन्होंने इस प्रक्रिया को काफी मुश्किल बताते हुए मुख्यमंत्री से सहयोग की अपील की।
‘जमीन खरीदना चाहता हूं, तोहफे में नहीं चाहिए’
ऋषभ पंत ने अपनी अपील में यह भी स्पष्ट किया कि वह सरकार से जमीन मुफ्त में लेने की मांग नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि वह जमीन खरीदना चाहते हैं और इसके लिए नियमों के तहत प्रक्रिया पूरी करने को तैयार हैं। पंत का उत्तराखंड से पुराना जुड़ाव रहा है। वह राज्य से ताल्लुक रखते हैं और इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उन्हें राज्य का ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त कर चुके हैं।
CM धामी ने दिया सहयोग का भरोसा
ऋषभ पंत की अपील पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार नियमों के अनुसार हरसंभव सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, संबंधित अधिकारी पंत से संपर्क करेंगे और जमीन खरीदने की प्रक्रिया में जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पंत की इस अपील को अपने मूल स्थान से दोबारा जुड़ने की इच्छा के तौर पर देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि जमीन की तलाश कब पूरी होती है और भारतीय क्रिकेट स्टार उत्तराखंड में अपना नया घर कब बना पाते हैं।


