Sports News: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी और विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दोनों क्रिकेटर्स कुछ अन्य लोगों के साथ नजर आ रहे हैं। इसे देखकर ऐसा लग रहा है कि सभी किसी निजी पार्टी या दोस्तों की महफिल में मौजूद हैं। हालांकि, वीडियो कब और कहां का है, इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल वीडियो में एक कमरे के अंदर करीब 6-7 लोग दिखाई दे रहे हैं। शुरुआत में सभी साथ में ग्रुप फोटो खिंचवाते नजर आते हैं। इसके बाद लोग अलग-अलग हो जाते हैं। इसी दौरान ऋषभ पंत सोफे पर लेटे दिखाई देते हैं और एमएस धोनी उनकी उंगली में अंगूठी पहनाते हुए नजर आते हैं। कमरे में रखी टेबल पर कुछ ड्रिंक्स भी दिखाई दे रही हैं।
वीडियो के अगले हिस्से में पंत अपने दोस्तों को आवाज देकर बुलाते हैं। इसके बाद धोनी कमरे में वापस आते हैं और पंत के पास बैठे एक व्यक्ति के पैर छूते हुए दिखाई देते हैं। इसी दौरान धोनी कहते सुनाई देते हैं, “दादा, हुक्का पीकर आता हूं।” उनका यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि, धोनी के हुक्का पीने को लेकर पहले भी कई बार चर्चा हो चुकी है। चेन्नई सुपर किंग्स में धोनी के साथ खेल चुके ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर जॉर्ज बेली ने भी एक इंटरव्यू में बताया था कि धोनी अपने कमरे में हुक्का सेशन रखते थे। इसके अलावा सोशल मीडिया पर धोनी की कुछ पुरानी तस्वीरें भी सामने आती रही हैं, जिनमें उनके पास हुक्का रखा नजर आया था।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोगों ने धोनी के हुक्का पीने की बात को लेकर उन्हें ट्रोल किया, जबकि कई फैंस उनके समर्थन में भी उतर आए। कुछ यूजर्स ने इस वीडियो को ऋषभ पंत की उस पुरानी सोशल मीडिया पोस्ट से जोड़कर मजाक किया, जिसमें उन्होंने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को टैग करते हुए जमीन खरीदने की इच्छा जताई थी। एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि शायद पंत ने वह पोस्ट इसी पार्टी के बाद की हो।
वहीं, धोनी के समर्थकों का कहना है कि वह भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में से एक रहे हैं और देश को कई बड़ी ट्रॉफियां दिला चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उनकी निजी जिंदगी में वह क्या करते हैं, यह उनका व्यक्तिगत मामला है। फैंस का मानना है कि किसी निजी वीडियो के आधार पर उन्हें निशाना बनाना उचित नहीं है।
फिलहाल वायरल वीडियो की जगह और तारीख की पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में वीडियो से जुड़े किसी भी दावे को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है।


