कैथल: जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की अंबाला इकाई ने बड़ी कार्रवाई की है। सीवन स्थित उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) के कार्यालय में तैनात लोअर डिविजन क्लर्क (LDC) संदीप कुमार को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया है।
सोलर पैनल की फाइल मंजूर करने के एवज में मांगी थी रिश्वत
‘उज्ज्वल भारत सोलर पावर फर्म’ के प्रोपराइटर (शिकायतकर्ता) ने बताया कि उनकी कंपनी द्वारा दो ग्राहकों के परिसरों में सोलर सिस्टम लगाए गए थे। इन संयंत्रों की फाइल पास करने और नए बिजली मीटर जारी करने के बदले एलडीसी संदीप कुमार 5 हजार रुपये की अवैध मांग कर रहा था। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एसीबी को दी, जिसके बाद विजिलेंस टीम ने मामले का सत्यापन कर आरोपी को ट्रैप करने का जाल बिछाया।
विजिलेंस ने रेड मारकर रंगे हाथ दबोचा
शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी अंबाला की टीम ने सीवन स्थित बिजली दफ्तर में दबिश दी। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी कर्मचारी को रसायन लगे 5,000 रुपये थमाए, वैसे ही मुस्तैद एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही धर दबोचा। आरोपी संदीप कुमार कैथल के मॉडल टाउन का रहने वाला है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
एसीबी की इस अचानक हुई रेड से बिजली निगम कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
एसीबी इंस्पेक्टर दलबीर सिंह ने बताया कि आरोपी एलडीसी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसी अब यह भी पता लगा रही है कि इस घूसखोरी में विभाग का कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल था या नहीं।


