Punjab Desk: पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने ‘सीनियर सेकेंडरी रेजिडेंशियल स्कूल फॉर मेरिटोरियस स्टूडेंट्स’ में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान स्कूल के 810 विद्यार्थियों को बैग वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘शिक्षा क्रांति अभियान’ और पंजाब सरकार की दूरदर्शी नीतियों के कारण राज्य के सरकारी स्कूलों में अभूतपूर्व सुधार आया है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे और शिक्षा की गुणवत्ता में आए इस बदलाव का ही नतीजा है कि आज यहाँ के विद्यार्थी शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं।
NEET में सफलता हासिल करने वाले 21 मेधावी सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मोहिंदर भगत ने संस्थान के उन 21 विद्यार्थियों को विशेष रूप से बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया, जिन्होंने NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर स्कूल और जिले का नाम रोशन किया है।
अभिभावकों का आर्थिक बोझ कम करना उद्देश्य
विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना और उनके अभिभावकों पर पड़ने वाले वित्तीय बोझ को कम करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार के इन निरंतर प्रयासों से विद्यार्थियों का शिक्षा के प्रति रुझान और अधिक मजबूत होगा।


