बटाला: जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी और माता सुलखनी जी की 539वीं विवाह वर्षगांठ को लेकर बटाला में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा कंध साहिब में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के सदस्य गुरिंदर पाल सिंह गोरा ने प्रेस को संबोधित किया।
गुरिंदर पाल सिंह गोरा ने बताया कि इस बार गुरु नानक देव जी की विवाह वर्षगांठ श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि हर वर्ष इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में संगत नगर कीर्तन में शामिल होती है।
उन्होंने बताया कि पहले गुरुद्वारा बेर साहिब, सुल्तानपुर लोधी से नगर कीर्तन शुरू होकर एक ही दिन में बटाला पहुंचता था। यात्रा लंबी होने के कारण संगत को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था और नगर कीर्तन देर रात तक चलता था।
संगत और गुरुद्वारा प्रबंधन से विचार-विमर्श के बाद इस बार पहली बार दो दिवसीय नगर कीर्तन आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। नगर कीर्तन गुरुद्वारा बेर साहिब, सुल्तानपुर लोधी से शुरू होकर बटाला पहुंचेगा।
उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को गुरु नानक देव जी की विवाह वर्षगांठ के अवसर पर नगर कीर्तन गुरुद्वारा डेरा साहिब से दोबारा शुरू होगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
SGPC सदस्य गुरिंदर पाल सिंह गोरा ने संगत से अपील की कि इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में पहुंचकर नगर कीर्तन में शामिल हों और गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त करें।


