जालंधर: केंद्रीय गृहमंत्री के प्रस्तावित जालंधर दौरे से पहले शहर के कई निजी स्कूलों को कथित तौर पर धमकी भरे ईमेल मिलने से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। ईमेल में अभिभावकों और स्कूल प्रशासन को गृहमंत्री के कार्यक्रम में बच्चों को नहीं भेजने की चेतावनी दी गई है।
बताया जा रहा है कि धमकी भरे संदेश में कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा में सेंध लगाने और बच्चों की जान को खतरा पहुंचाने की बात कही गई है। ईमेल सामने आने के बाद संबंधित स्कूलों और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लिया है।
इसी बीच अमृतसर के भी तीन स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिलने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद कुछ स्कूल प्रबंधनों ने एहतियातन छुट्टी घोषित कर दी। हालांकि, पुलिस और स्कूल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में अभी आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। जिन संस्थानों के नाम सामने आ रहे हैं, उनमें श्री हरकृष्ण पब्लिक स्कूल और कैंब्रिज स्कूल समेत अन्य स्कूल शामिल हैं।
स्टेज और धार्मिक स्थल को लेकर भी धमकी
ईमेल में गृहमंत्री के मुख्य कार्यक्रम के मंच को लेकर भी गंभीर धमकी दी गई है। संदेश में मंच पर विस्फोटक होने का दावा किया गया है। इसके अलावा शहर के प्रसिद्ध देवी तालाब मंदिर को भी निशाना बनाने की धमकी दिए जाने की बात सामने आई है।
धमकी मिलने के बाद धार्मिक स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बताया जा रहा है कि कैंब्रिज गर्ल्स स्कूल (अर्बन एस्टेट), कैंब्रिज इनोवेटिव स्कूल और एमजीएम स्कूल समेत कई शिक्षण संस्थानों को ईमेल प्राप्त हुआ है।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां ईमेल की सत्यता और इसके स्रोत की जांच में जुटी हैं। पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि धमकी वास्तविक थी या किसी ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से यह ईमेल भेजा था।


