लुधियाना। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को पंजाब कृषि विश्वविद्यालय (PAU) में आयोजित राज्य स्तरीय ‘जश्न-ए-इंकलाब’ कार्यक्रम में शहीद-ए-आजम भगत सिंह को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का आयोजन भगत सिंह की जयंती के अवसर पर किया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार शहीद भगत सिंह के सपनों के अनुरूप देशभक्ति, समानता, न्याय और जनकल्याण पर आधारित पंजाब के निर्माण के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह की विचारधारा और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
भगत सिंह के सम्मान में उठाए गए कदमों का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने शहीद भगत सिंह के सम्मान में कई कदम उठाए हैं। उन्होंने मोहाली एयरपोर्ट का नाम भगत सिंह के नाम पर रखे जाने, एयरपोर्ट रोड पर ‘निशान-ए-इंकलाब प्लाजा’ में 30 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित करने और सरकारी कार्यालयों में भगत सिंह तथा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें लगाने का उल्लेख किया।
मान ने बताया कि खटकड़ कलां में करीब 52 करोड़ रुपये की लागत से शहीद-ए-आजम भगत सिंह विरासती कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। सरकार के अनुसार यह परिसर विरासत, शिक्षा और सांस्कृतिक पर्यटन के केंद्र के तौर पर विकसित किया जा रहा है।
खटकड़ कलां में विरासती कॉम्प्लेक्स का काम अंतिम चरण में
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य खटकड़ कलां के ऐतिहासिक स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए भगत सिंह और अन्य क्रांतिकारियों के जीवन, विचारों और बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
परिसर में पैतृक घर की तर्ज पर निर्माण, विरासती गली, गांव का पुनर्निर्मित स्वरूप, प्रवेश और निकास द्वार, मशाल गेट, राष्ट्रीय ध्वज क्षेत्र, पुस्तकालय और विशेष प्रदर्शनियां शामिल की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि यहां ऑडिटोरियम, ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति, प्रोजेक्शन सिस्टम, म्यूजिकल फाउंटेन, लाइटिंग और साउंड इफेक्ट जैसी सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। इसके अलावा पर्यटकों के लिए सुविधा केंद्र, कॉटेज, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट, पार्किंग और अन्य सुविधाओं का प्रावधान किया गया है।
मान के अनुसार, परियोजना का काम अब अंतिम चरण में है और सिविल वर्क, इंटीरियर, प्रदर्शनियों की स्थापना, ऑडियो-वीडियो सिस्टम और लैंडस्केपिंग जैसे काम पूरे किए जा रहे हैं।
शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली योजनाओं का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि जुलाई 2022 से पंजाब के करीब 90 प्रतिशत घरों को शून्य बिजली बिल मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में करीब 1,100 आम आदमी क्लीनिक संचालित हैं, जहां अब तक पांच करोड़ से अधिक मरीज मुफ्त इलाज प्राप्त कर चुके हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि सरकार ने योग्यता के आधार पर 70 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं।
मान ने कहा कि राज्य में अब तक 18 टोल प्लाजा बंद किए जा चुके हैं और उनके अनुसार इससे लोगों की जेब से प्रतिदिन करीब 63 लाख रुपये की बचत हो रही है।
पंजाब के पानी और युवाओं को लेकर भी बोले मान
मुख्यमंत्री ने पंजाब के जल संसाधनों की सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल बताते हुए कहा कि राज्य के पानी को बचाने के लिए सरकार हरसंभव कदम उठाएगी।
उन्होंने युवाओं को खेलों से जोड़ने की बात करते हुए कहा कि नशे से दूर रखने के उद्देश्य से पंजाब में 3,100 स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार की ओर से कई पहलों का दावा किया।
भगत सिंह के सपनों को पूरा करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह ने जिस भारत की कल्पना की थी, उसमें समानता, सामाजिक न्याय और सभी के लिए अवसर महत्वपूर्ण थे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, गरीबी और सामाजिक असमानता जैसी चुनौतियां अभी भी मौजूद हैं और इन्हें दूर करने के लिए लगातार प्रयास जरूरी हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार शहीदों की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और पंजाब के विकास के लिए काम करती रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि खटकड़ कलां केवल एक स्थान नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन, बलिदान और साहस से जुड़ी महत्वपूर्ण विरासत है।
‘जश्न-ए-इंकलाब’ कार्यक्रम में भगत सिंह की विरासत के साथ पंजाब की संस्कृति, संगीत और इतिहास को भी प्रमुखता दी गई।


