HomePunjabजालंधर में तेज रफ़्तार का कहर, सफारी ने बाइक सवारों को उड़ाया,...

जालंधर में तेज रफ़्तार का कहर, सफारी ने बाइक सवारों को उड़ाया, 1 की मौत, CCTV में कैद हुआ रूह कंपा देने वाला मंजर

जालंधर: जालंधर के काला संघिया रोड पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार टाटा सफारी गाड़ी ने बाइक सवार दो युवकों को पीछे से इतनी जोरदार टक्कर मारी कि दोनों हवा में कई फीट उछलकर दूर जा गिरे। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। यह पूरी घटना पास ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

हादसा रात करीब 11 बजे का है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि जिस वक्त सफारी ने बाइक को टक्कर मारी, उसी रास्ते से कुछ महिलाएं और एक छोटी बच्ची पैदल गुजर रही थीं। गनीमत यह रही कि बेकाबू गाड़ी उनकी ओर नहीं मुड़ी, वरना हताहतों की संख्या कहीं ज्यादा हो सकती थी। चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके से भागने की कोशिश कर रहे सफारी चालक को दबोच लिया और जमकर खरी-खोटी सुनाई।

हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के बीच एक अजीबोगरीब स्थिति देखने को मिली। घटनास्थल थाना भार्गव कैंप और थाना डिवीजन नंबर 5 की सीमा पर होने के कारण पुलिसकर्मी काफी देर तक ज्यूरिसडिक्शन (कार्यक्षेत्र) को लेकर उलझे रहे। हालांकि, मामले की गंभीरता को देखते हुए भार्गव कैंप के ड्यूटी अफसर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने न सिर्फ साक्ष्य जुटाए बल्कि आरोपी चालक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, घायल युवक की दोनों टांगें बुरी तरह फ्रैक्चर हो गई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतक और घायल दोनों की पहचान जल्लोवाल आबादी के निवासियों के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के खिलाफ भारी रोष प्रकट किया है। लोगों का आरोप है कि काला संघिया रोड पर आए दिन हादसे होते हैं, लेकिन बार-बार मांग करने के बावजूद यहां स्पीड ब्रेकर नहीं बनवाए गए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments