जालंधर। लुधियाना में डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा की बेअदबी के विरोध में जालंधर के विभिन्न वाल्मीकि संगठनों ने 10 सितंबर, वीरवार को जालंधर बंद का ऐलान किया है। संगठनों की ओर से लोगों और व्यापारिक संस्थानों से बंद को समर्थन देने की अपील की गई है।
घोषणा के अनुसार, वीरवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक शहर के बाजार, मार्केट, मॉल, दुकानें और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। हालांकि, कुछ वाल्मीकि संगठनों की बुधवार रात हुई बैठक में बंद का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक रखने की घोषणा की गई। इस वजह से बंद के समय को लेकर संगठनों के बीच अलग-अलग घोषणाएं सामने आई हैं।
वाल्मीकि संगठनों ने स्पष्ट किया है कि बंद के दौरान रेलवे ट्रैक और नेशनल हाईवे को बंद नहीं किया जाएगा। वहीं, कई शिक्षण संस्थानों में परीक्षाएं चल रही हैं, इसलिए स्कूल-कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों को भी बंद से बाहर रखा गया है।
आज क्या रहेगा बंद
वीरवार को शहर की मार्केट, दुकानें, मॉल, शोरूम, बेकरी, स्वीट शॉप और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखने का आह्वान किया गया है।
इन्हें मिलेगी बंद से राहत
बंद के दौरान आवश्यक सेवाओं को राहत देने का फैसला किया गया है। इसके तहत अस्पताल, मेडिकल स्टोर और एंबुलेंस सेवाएं जारी रहेंगी। इसके अलावा विदेश जाने के लिए फ्लाइट पकड़ने वाले यात्रियों, अंतिम संस्कार या किसी की मृत्यु पर जाने वाले लोगों तथा शिक्षण संस्थानों को भी बंद से राहत दी गई है।
संगठनों ने लोगों से शांतिपूर्ण ढंग से बंद का समर्थन करने की अपील की है।


