अमृतसर। पंजाब में मानसून अब कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य में किसी भी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है। हिमाचल प्रदेश से सटे कुछ जिलों को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना कम है। ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान बढ़ सकता है।
शुक्रवार को हालांकि पंजाब के औसत तापमान में करीब 0.9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 31 अगस्त तक राज्य में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है और इस दौरान तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है।
तीन दिन ऐसा रहेगा मौसम
29 अगस्त, शनिवार: पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। बाकी अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
30 अगस्त, रविवार: इन जिलों में एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावना है, जबकि मैदानी और दक्षिणी पंजाब में मौसम मुख्यतः साफ और शुष्क रहने का अनुमान है।
31 अगस्त, सोमवार: गुरदासपुर, नवांशहर और रूपनगर में छिटपुट बारिश हो सकती है। राज्य के बाकी हिस्सों में बारिश की संभावना कम है।
सितंबर की शुरुआत में बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार सितंबर की शुरुआत में पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। मंगलवार से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। पठानकोट और होशियारपुर में कई स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, नवांशहर, रूपनगर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली और आसपास के इलाकों में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
फिलहाल राज्य में किसी बड़े मौसम अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है। तापमान बढ़ने से लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।


