HomePunjabपंजाब में नशा तस्करों पर चला प्रशासन का 'पीला पंजा', तस्कर का...

पंजाब में नशा तस्करों पर चला प्रशासन का ‘पीला पंजा’, तस्कर का घर जमींदोज; भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

फिरोजपुर: पंजाब सरकार द्वारा नशा मुक्ति के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘यूंथ नशों के विरुद्ध’ के दूसरे चरण के तहत फिरोजपुर प्रशासन ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन ने एक कथित नशा तस्कर के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाते हुए उसे पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई गांव छांगा राय हिठाड़ में एसपी (डी) मनजीत सिंह की देखरेख में भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अंजाम दी गई।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, गांव छांगा राय हिठाड़ निवासी हरजेंद्र सिंह पुत्र बग्गा सिंह पिछले काफी समय से नशे के अवैध कारोबार में लिप्त था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, हरजेंद्र के खिलाफ पहले से ही नशीले पदार्थों की तस्करी के करीब 5 मामले दर्ज हैं। जांच के दौरान यह पाया गया कि आरोपी ने नशे के काले कारोबार से हुई कमाई के जरिए सरकारी जमीन पर अवैध रूप से अपना घर बनाया हुआ था। इसी के चलते प्रशासन ने उचित कानूनी मंजूरी लेने के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान किसी भी विरोध की स्थिति से निपटने के लिए सब डिवीजन गुरुहरसहाए के डीएसपी राजवीर सिंह और थाना लक्खो के बहराम के प्रभारी इंस्पेक्टर जगदीप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात रहे। एसपी (डी) मनजीत सिंह ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया कि पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए तस्करों की अवैध संपत्तियों को निशाना बनाया जा रहा है, ताकि इस धंधे से जुड़े लोगों के हौसले पस्त किए जा सकें।

एक तरफ जहां प्रशासन इसे नशे के खिलाफ बड़ी जीत बता रहा है, वहीं दूसरी ओर हरजेंद्र सिंह के परिवार ने इस कार्रवाई को गलत ठहराया है। परिजनों का दावा है कि यह मकान लगभग 20 साल पहले अपनी पुश्तैनी जमीन बेचकर बनाया गया था। परिवार ने प्रशासन के इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया कि घर का निर्माण नशे की कमाई से हुआ है। परिवार का कहना है कि प्रशासन ने बिना ठोस आधार के उनके घर पर ‘पीला पंजा’ चलाया है।

बुलडोजर की इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती इलाके के नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों के बीच भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में अन्य बड़े तस्करों की संपत्तियों की भी जांच की जाएगी और यदि वे अवैध पाई गईं, तो उन पर भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments