डिजिटल डेस्क, अमृतसर। पंजाब में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर कमजोर पड़ गई हैं। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहने के बावजूद बारिश नहीं हो रही है। मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में करीब 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, इसके बावजूद प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिलहाल सीमित रहने की संभावना है।
राज्य में मंगलवार को बठिंडा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बादलों की आवाजाही के कारण कई इलाकों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।
सामान्य से 2.9 डिग्री नीचे रहा तापमान
पंजाब में औसत अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के बाद यह सामान्य से करीब 2.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। अलग-अलग शहरों में अधिकतम तापमान की बात करें तो बठिंडा में 35.2 डिग्री, फरीदकोट में 34.0 डिग्री, अमृतसर में 32.1 डिग्री, पठानकोट में 31.0 डिग्री, मोहाली में 30.9 डिग्री, चंडीगढ़ में 30.5 डिग्री और जालंधर में 30.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
कुछ जिलों में हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 सितंबर को पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की से छिटपुट बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, विभाग की ओर से किसी तरह का अलर्ट या औपचारिक चेतावनी जारी नहीं की गई है।
उत्तरी और सीमावर्ती जिलों जालंधर,पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर और रूपनगर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा फिरोजपुर, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, फरीदकोट और मानसा में भी कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
वहीं, कपूरथला, लुधियाना, पटियाला, संगरूर, मोगा, बरनाला और साहिबजादा अजीत सिंह नगर समेत राज्य के कई अन्य हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
29 सितंबर से मौसम रहेगा शुष्क
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 28 सितंबर के बाद 29 सितंबर, 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को पंजाब में बारिश की संभावना बेहद कम है। इस दौरान अधिकांश इलाकों में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। धूप निकलने के कारण आने वाले दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी देखने को मिल सकती है।


