चंडीगढ़: पंजाब में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। गुरुवार सुबह से लुधियाना और जालंधर समेत कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने राज्य के सात जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
जिन जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, उनमें पठानकोट, होशियारपुर, शहीद भगत सिंह नगर (नवांशहर), फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) शामिल हैं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी है।
पंजाब के अलावा उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में भी मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी अगले कुछ घंटों के दौरान भारी बारिश हो सकती है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी में दिनभर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने चिंता बढ़ा दी है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। उत्तराखंड में तेज बारिश के कारण तमसा नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे टपकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में भी पानी पहुंच गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।


