चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने डिजिटाइज्ड जन्म प्रमाणपत्र अपडेट कराने में आ रही दिक्कतों को देखते हुए विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। सरकार ने यूनिफाइड स्टूडेंट रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर जरूरी दस्तावेज अपलोड करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने वीरवार को बताया कि आठवीं कक्षा के जिन विद्यार्थियों के डिजिटाइज्ड जन्म प्रमाणपत्र अभी तक अपडेट नहीं हो पाए हैं, वे अब 30 अक्टूबर तक अपने दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों को दस्तावेजों में आवश्यक सुधार और अपडेट करने के लिए अगले शैक्षणिक सत्र तक का समय दिया गया है।
शिक्षा मंत्री के अनुसार यूनिफाइड स्टूडेंट रजिस्ट्रेशन पोर्टल के माध्यम से विद्यार्थियों का रिकॉर्ड डिजिटल रूप से तैयार किया जा रहा है। लेकिन कई विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को डिजिटाइज्ड जन्म प्रमाणपत्र बनवाने और अपडेट कराने में व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने समय सीमा बढ़ाने का निर्णय लिया है।
बैंस ने सरकारी और निजी स्कूलों के सभी प्राचार्यों और प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे अभिभावकों के साथ समन्वय बनाकर निर्धारित अवधि के भीतर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करवाएं। साथ ही जिन विद्यार्थियों के दस्तावेज अभी लंबित हैं, उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना भी सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी छात्र पंजीकरण से वंचित न रहे।


