HomeHaryanaपलवल में पुरानी रंजिश के चलते 52 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर...

पलवल में पुरानी रंजिश के चलते 52 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, आरोपी कट्टा और कारतूस लेकर थाने पहुंचा

पलवल: जवाहर नगर कैंप में शनिवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते 52 वर्षीय सुरेश उर्फ दलीप की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद मुख्य आरोपी 19 वर्षीय दुष्यंत उर्फ देवा खुद कैंप थाना पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। आरोपी ने थाना प्रभारी की मेज पर कथित तौर पर देसी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस रखे और हत्या की बात कबूल की। पुलिस पूछताछ में उसने वारदात के पीछे अपनी मां की हत्या का बदला लेने की बात कही है।

घर के बाहर बैठे सुरेश को मारी गोली

पुलिस के अनुसार, सुरेश रात के समय अपने घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान दुष्यंत अपने कथित साथियों देवेंद्र, जोनी, रवि, जयसिंह, आशा और निशा के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि दुष्यंत ने सुरेश के सीने में गोली मार दी।

हमलावरों ने घायल सुरेश को घर के सामने से गुजर रहे नाले में फेंकने का भी प्रयास किया, लेकिन इसमें सफल नहीं हो सके। गोली चलने की आवाज सुनकर सुरेश की पत्नी सुबीना और परिवार के अन्य सदस्य छत पर मौजूद थे। हमलावरों के डर से वे कुछ देर तक नीचे नहीं उतरे।

आरोपियों के मौके से जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद परिजन और पड़ोसी घायल सुरेश को ई-रिक्शा से जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

2023 के विवाद को बताया हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में दुष्यंत ने वारदात की वजह पुरानी रंजिश बताई है। आरोपी के मुताबिक, वर्ष 2023 में गली में स्पीड ब्रेकर बनवाने को लेकर सुरेश और उसकी मां के बीच विवाद हुआ था। दुष्यंत का दावा है कि इसी विवाद के दौरान सुरेश ने उसकी मां की चाकू मारकर हत्या कर दी थी।

 

इसी घटना का बदला लेने के लिए उसने सुरेश की हत्या करने की बात पुलिस को बताई है। हालांकि, आरोपी के इन दावों की पुलिस जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार, सुरेश भी एक हत्या के मामले में करीब ढाई साल जेल में रह चुका था और लगभग पांच महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। बताया गया है कि उसकी पत्नी कैंसर से पीड़ित है और लंबे समय से बीमार चल रही है। पत्नी की देखभाल के लिए ही सुरेश को जमानत मिलने की बात सामने आई है।

पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक की पत्नी सुबीना ने आरोप लगाया कि पांच युवक और दो महिलाएं उनके पति पर चाकुओं से हमला कर रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन्हें और उनके पोते-पोती को छत से नीचे फेंकने की कोशिश की।

सुबीना के मुताबिक, हमले के बाद सुरेश की सांसें चल रही थीं और उन्होंने पुलिस से पति को अस्पताल पहुंचाने की गुहार लगाई थी।

घटनास्थल से मिले खून से सने पत्थर और गोली के खोल

वारदात की सूचना मिलने के बाद सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम को घटनास्थल से खून से सने पत्थर और ईंटों के अलावा गोली के खाली खोल भी बरामद हुए हैं।

कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार, मृतक की पत्नी की शिकायत पर दुष्यंत, देवेंद्र समेत सात नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच उप निरीक्षक सुमित कर रहे हैं।

मुख्य आरोपी दुष्यंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस मामले में हत्या की वजह और वारदात में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments