चंडीगढ़। रक्षाबंधन के मौके पर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो लोगों का दिल छू रहा है। वीडियो में एक शख्स हाथ में राखियां लेकर लोगों के बीच घूमता नजर आ रहा है। वह किसी से राखी बंधवाने की उम्मीद में बच्चों और लोगों के पास जाता है, लेकिन उसके कपड़े और हुलिए को देखकर कई लोग उससे दूरी बना लेते हैं। तभी एक छोटी बच्ची ने ऐसा कदम उठाया, जिसने पूरे माहौल को भावुक कर दिया।
वीडियो में शख्स पुराने और फटे कपड़े पहने दिखाई देता है। उसके कंधे पर एक झोला है और हाथ में राखियां हैं। वह स्कूली बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे राखी बंधवाने की कोशिश करता है, लेकिन कई बच्चे उसे देखकर पीछे हट जाते हैं। उसके चेहरे से साफ नजर आता है कि वह सिर्फ रक्षाबंधन के दिन भाई का अपनापन चाहता है।
बच्ची ने हुलिया नहीं, इंसानियत देखी
जब बाकी बच्चे उससे दूरी बना रहे थे, तभी एक छोटी बच्ची बिना किसी झिझक के उसके पास पहुंची। उसने शख्स के हाथ से राखी ली और उसकी कलाई पर बांध दी।
राखी बंधते ही शख्स के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई देने लगी। वह भावुक होकर बच्ची के सामने झुक गया और उसके पैर छूने लगा। इसके बाद उसने अपने हाथ में मौजूद छड़ी बच्ची को दे दी। यह पूरा दृश्य कैमरे में कैद हो गया और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
छोटी-सी पहल ने बना दिया रक्षाबंधन यादगार
जिस अपनापन और भाई-बहन के रिश्ते की तलाश में वह शख्स लोगों के बीच घूम रहा था, उसे आखिरकार एक अनजान बच्ची ने दे दिया। बच्ची की इस छोटी-सी पहल ने उसके लिए रक्षाबंधन के दिन को खास बना दिया।
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स बच्ची की संवेदनशीलता और इंसानियत की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि रिश्ते केवल खून के नहीं होते। कई बार किसी अनजान इंसान के प्रति दिखाई गई थोड़ी-सी संवेदना और अपनापन भी उसके लिए जिंदगी की बड़ी खुशी बन सकता है।
रक्षाबंधन के इस वीडियो ने भी यही संदेश दिया कि किसी की पहचान उसके कपड़ों या हुलिए से नहीं, बल्कि उसके इंसान होने से होती है।


