HomePunjabबरनाला: होटल के कमरे में महिला का खून से लथपथ शव मिला,...

बरनाला: होटल के कमरे में महिला का खून से लथपथ शव मिला, प्रेमी पर हत्या का केस दर्ज

तपा (बरनाला)। बठिंडा-चंडीगढ़ हाईवे पर थाना तपा के नजदीक स्थित एक होटल में महिला का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला की पहचान 31 वर्षीय वीर कौर, पत्नी मंगा सिंह, निवासी तपा के रूप में हुई है। पुलिस ने महिला के पति के बयानों के आधार पर अमनदीप सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार, वीर कौर अपने ही गांव के रहने वाले अमनदीप सिंह से मिलने के लिए होटल पहुंची थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। दोनों ने होटल में कमरा लिया था।

कमरे में पड़ा मिला महिला का शव

बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद अमनदीप सिंह होटल मालिक को सामान लेने के लिए वापस आने की बात कहकर वहां से चला गया। काफी देर तक उसके वापस न लौटने पर होटल मैनेजर ने कमरे की जांच की। इस दौरान अंदर वीर कौर का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। महिला के शरीर पर तेजधार हथियार से वार के निशान बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरनाला भेज दिया। मृतका के पति मंगा सिंह के बयानों के आधार पर अमनदीप सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments