HomeSportsभारत-पाकिस्तान हॉकी मुकाबला आज, जीत से टीम इंडिया की अगले राउंड में...

भारत-पाकिस्तान हॉकी मुकाबला आज, जीत से टीम इंडिया की अगले राउंड में जगह होगी पक्की

Sports Desk: मेंस हॉकी वर्ल्ड कप में आज भारत और पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा। पूल-D का यह मैच वैगनर हॉकी स्टेडियम में शाम 6:30 बजे शुरू होगा। दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला बेहद अहम है। भारत जहां जीत के साथ अगले राउंड में अपनी जगह पक्की करना चाहेगा, वहीं पाकिस्तान के लिए यह मैच टूर्नामेंट में बने रहने के लिहाज से करो या मरो का होगा।

10 साल से पाकिस्तान के खिलाफ अजेय है भारत

भारत का पाकिस्तान के खिलाफ हालिया रिकॉर्ड शानदार रहा है। पिछले 10 वर्षों में दोनों टीमों के बीच 19 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 17 मैच जीते हैं, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे। पाकिस्तान ने भारत को आखिरी बार 2016 के साउथ एशियन गेम्स के फाइनल में 1-0 से हराया था।

वर्ल्ड कप के मौजूदा अभियान में भारत ने अपने पहले मैच में वेल्स को 3-1 से मात दी थी, लेकिन दूसरे मुकाबले में इंग्लैंड के हाथों 1-4 से हार का सामना करना पड़ा। भारत 2 मैचों में 3 अंकों के साथ पूल-D में दूसरे स्थान पर है। पाकिस्तान के खिलाफ जीत उसे 6 अंकों तक पहुंचा देगी और टीम अगले राउंड के लिए क्वालिफाई कर जाएगी। दूसरी ओर, भारत से हार पाकिस्तान को टूर्नामेंट से बाहर कर सकती है।

वर्ल्ड कप में भी भारत का पलड़ा भारी

हॉकी वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 5 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 3 और पाकिस्तान ने 2 मैच जीते हैं। दोनों टीमों की वर्ल्ड कप में आखिरी भिड़ंत 2010 में नई दिल्ली में हुई थी। उस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से करारी शिकस्त दी थी।

1975 के फाइनल की यादें आज भी ताजा

भारत और पाकिस्तान की हॉकी प्रतिद्वंद्विता में 1975 का वर्ल्ड कप फाइनल सबसे यादगार मुकाबलों में से एक है। भारत ने उस फाइनल में पाकिस्तान को 2-1 से हराकर पहली और अब तक की अपनी इकलौती हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीती थी।

हालिया समय में भी भारत का दबदबा कायम रहा है। इस साल प्रो लीग के यूरोपियन लेग में भारत ने पाकिस्तान को लगातार दो मुकाबलों में हराया। पहले मैच में भारतीय टीम ने 7-1 से जीत दर्ज की, जबकि दूसरे मुकाबले में 4-3 से बाजी मारी।

53 साल बाद उसी मैदान पर आमने-सामने

भारत और पाकिस्तान का मुकाबला जिस वैगनर स्टेडियम में आज खेला जाएगा, वहां दोनों टीमें 1973 के वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भी आमने-सामने हुई थीं। उस मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। बीपी गोविंदा ने मैच के 62वें मिनट में निर्णायक गोल किया था।

इसके बाद इसी स्टेडियम में फाइनल खेला गया, जहां भारत को मेजबान नीदरलैंड्स के खिलाफ पेनल्टी स्ट्रोक में हार का सामना करना पड़ा था।

हरमनप्रीत सिंह पर रहेंगी निगाहें

भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने अब तक 2 मैचों में 3 गोल किए हैं और फिलहाल टूर्नामेंट के टॉप गोल स्कोरर हैं। खास बात यह है कि उनके तीनों गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिए आए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ भी भारतीय टीम को उनसे एक बार फिर बड़ी भूमिका की उम्मीद होगी।

दोनों टीमों के स्क्वॉड

भारत: हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जरमनप्रीत सिंह, अभिषेक, मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, दिलप्रीत सिंह, मंदीप सिंह, सुमित, नीलकंता शर्मा, लालगे आदित्य अर्जुन, शशिकुमार मोहिथ होन्नेनहल्ली, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, विवेक सागर प्रसाद, सुखजीत सिंह, यशदीप सिवाच, संजय, सूरज करकेरा (गोलकीपर), राजिंदर सिंह और शिलानंद लाकड़ा।

पाकिस्तान: महमूद अबू (कप्तान), वकार (गोलकीपर), मुहम्मद अब्दुल्ला, सुफियान खान, मोइन शकील, वहीद अशरफ राणा, हन्नान शाहिद, जिक्रिया हयात, अरशद लियाकत, अदील लतीफ, अहमद नदीम, गजनफर अली, अम्माद बट, मुहम्मद हम्मादुद्दीन, अब्दुल रहमान, अफराज, उमर मुस्तफा, अबू महमूद, अली रजा (गोलकीपर), अब्दुल मनान और मुहम्मद अम्मा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments