लुधियाना: पंजाब कांग्रेस के प्रभारी एवं एआईसीसी महासचिव भूपेश बघेल ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पंजाब में सरकार बनाएगी। लुधियाना ग्रामीण में आयोजित “हर बूथ, कांग्रेस मज़बूत” कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और विकास जैसे अहम मुद्दों पर पूरी तरह असफल रही है, जिससे जनता में भारी नाराज़गी है।
भूपेश बघेल ने क्या कहा?
भूपेश बघेल ने कहा कि पंजाब और पंजाबियत दोनों चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि न तो शिरोमणि अकाली दल और न ही भाजपा राज्य में सरकार बनाने की स्थिति में है। उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।
राजा वड़िंग का विपक्ष पर हमला
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि पार्टी के भीतर मतभेद होना सामान्य बात है और इन्हें जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने दल बदलने वाले नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग बार-बार पार्टियां बदलते रहे हैं, वही आज उनसे इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
राजा वड़िंग ने अपने परिवहन मंत्री के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान को चुनौती दी कि यदि वे वास्तव में भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं, तो बादल परिवार की कथित अवैध बसों के खिलाफ कार्रवाई कर दिखाएं।
कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम की शुरुआत संगठन प्रभारी महासचिव कैप्टन संदीप संधू ने कार्यकर्ताओं के स्वागत के साथ की। इस मौके पर शमशेर सिंह दुल्लो, रज़िया सुल्ताना, सिमरजीत सिंह बैंस, कुलदीप सिंह वैद समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


