फतेहगढ़ साहिब: मंडी गोबिंदगढ़ में चोरी के आरोप में पकड़े गए एक व्यक्ति के पुलिस हिरासत से फरार होने के मामले में विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस ने फरार आरोपी को 24 घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर लिया। वहीं, ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में ASI जगरूप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
चोरी करते पकड़ा गया था आरोपी
मामला मंडी गोबिंदगढ़ के मोहल्ला शाम नगर का है। पुलिस के मुताबिक, विकास नगर निवासी पवन कुमार को स्थानीय लोगों ने एक घर में कथित तौर पर चोरी करते हुए पकड़ लिया था। इसके बाद लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उसे पूछताछ और आगे की कार्रवाई के लिए थाने लेकर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर हिरासत से फरार हो गया।
आरोपी के भागने से मचा हड़कंप
पुलिस हिरासत से आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल अलग-अलग टीमें गठित कर उसकी तलाश शुरू कर दी। आसपास के इलाकों में भी उसकी तलाश की गई। इसके साथ ही पुलिस हिरासत से फरार होने के मामले में आरोपी के खिलाफ अलग से केस दर्ज किया गया।
24 घंटे के भीतर फिर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस टीमों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी पवन कुमार को 24 घंटे के भीतर दोबारा गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस उससे चोरी के मामले के साथ-साथ हिरासत से फरार होने को लेकर भी पूछताछ कर रही है। वहीं, मामले में ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में ASI जगरूप सिंह के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की गई है। उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को ड्यूटी में लापरवाही के प्रति सख्त रुख के तौर पर देखा जा रहा है।


