चंडीगढ़। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बावजूद यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, तो चंडीगढ़ प्रशासन अब ऐसे लोगों के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाएगा।
प्रशासन की ओर से 7 से 11 अक्टूबर तक शहर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर विशेष नामांकन शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक मौजूद रहेंगे और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में सहायता करेंगे।
अभियान के दौरान युवाओं और पहली बार मतदान करने के योग्य नागरिकों पर विशेष फोकस रहेगा। इसके साथ ही बीएलओ एसआईआर से पहले की मतदाता सूची का मौजूदा सूची से मिलान करेंगे। इस प्रक्रिया के जरिए उन मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनका नाम पहले मतदाता सूची में दर्ज था, लेकिन वर्तमान सूची में शामिल नहीं है। ऐसे मतदाताओं की स्थिति की जानकारी लेने के लिए बीएलओ जरूरत के अनुसार घर-घर जाकर भी संपर्क करेंगे।
प्रशासन ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को भी बूथवार सूचियां उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। इससे छूटे हुए पात्र मतदाताओं की पहचान और उनके नाम दोबारा सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया में सहयोग मिल सकेगा।
युवाओं को मतदाता पंजीकरण के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से शैक्षणिक संस्थानों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों, स्वीप गतिविधियों और विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
प्रशासन के मुताबिक, नए मतदाता के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटाने या किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 तथा पता बदलने, विवरण में सुधार या ईपीआईसी से जुड़े बदलाव के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है।
मतदाता पंजीकरण और अन्य सेवाएं ECINet ऐप और पोर्टल के माध्यम से भी उपलब्ध हैं। इसके अलावा किसी भी तरह की सहायता या जानकारी के लिए नागरिक मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।


