HomePunjabमहंगाई का तगड़ा झटका: गैस सिलेंडर के दामों में अचानक भारी उछाल,...

महंगाई का तगड़ा झटका: गैस सिलेंडर के दामों में अचानक भारी उछाल, यहां चेक करें अपने शहर की नई कीमतें

नई दिल्ली: आम लोगों और कारोबारियों की जेब पर महंगाई की एक और गहरी मार पड़ी है। शनिवार, 7 मार्च से तेल कंपनियों ने घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में अचानक बड़ी बढ़ोतरी कर दी है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में सीधे 60 रुपये का इजाफा किया गया है। वहीं, 19 किलोग्राम वाले कामर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम भी 115 रुपये तक बढ़ा दिए गए हैं। इस भारी बढ़ोतरी का सीधा असर आम आदमी की रसोई के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बजट पर भी पड़ने वाला है।

इस ताज़ा फैसले के बाद देश के प्रमुख शहरों में उपभोक्ताओं की जेब पर खर्च का बोझ बढ़ गया है। सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये हो गई है। इसी तरह आर्थिक राजधानी मुंबई में इसकी कीमत 852.50 रुपये से बढ़कर 912.50 रुपये पर पहुंच गई है। चेन्नई के उपभोक्ताओं को भी अब 868.50 रुपये की जगह 928.50 रुपये चुकाने होंगे। तेल कंपनियों द्वारा तय की गई ये नई दरें शनिवार से ही देशभर में लागू हो गई हैं।

घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ कारोबारियों को भी इस बार कोई राहत नहीं मिली है। कामर्शियल इस्तेमाल में आने वाले 19 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर के दामों में भी भारी उछाल देखने को मिला है। नई दरें लागू होने के बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 1768.50 रुपये से बढ़कर 1883 रुपये का हो गया है। मुंबई में इसके लिए अब 1720.50 रुपये की बजाय 1835 रुपये देने होंगे। कोलकाता में यह 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये और चेन्नई में 1929 रुपये से बढ़कर 2043.50 रुपये के स्तर पर पहुंच गया है।

आपको बता दें कि अप्रैल 2025 के बाद यह पहला मौका है जब घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बदलाव किया गया है। करीब एक साल बाद अचानक हुई इस बढ़ोतरी ने घरेलू उपभोक्ताओं और व्यावसायिक उपयोगकर्ताओं की चिंताएं बढ़ा दी हैं। इस फैसले से सीधे तौर पर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा और बाजार में अन्य चीजों की लागत पर भी इसका असर दिखने की आशंका है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments