HomeSportsमहिला एशिया कप 2026 में भारत की धमाकेदार शुरुआत, थाईलैंड को 94...

महिला एशिया कप 2026 में भारत की धमाकेदार शुरुआत, थाईलैंड को 94 रन से दी मात

Sports News: महिला एशिया कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया है। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने थाईलैंड को 94 रनों से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 159 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में थाईलैंड की पूरी टीम महज 65 रन पर सिमट गई।

भारत की जीत की सबसे बड़ी स्टार शेफाली वर्मा रहीं। उन्होंने रिकॉर्ड अर्धशतक लगाते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। शानदार बल्लेबाजी के लिए शेफाली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

भारतीय गेंदबाजों ने बरपाया कहर

159 रनों के लक्ष्य का बचाव करने उतरी भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से ही थाईलैंड पर दबाव बना दिया। क्रांति गौड़ ने पहले ही ओवर में भारत को सफलता दिलाई। उन्होंने ओवर की पांचवीं गेंद पर नट्टकान चंतम को 4 रन के स्कोर पर बोल्ड कर दिया।

इसके बाद तीसरे ओवर की पहली गेंद पर नंदनी शर्मा ने फणीता माया को 6 रन के निजी स्कोर पर कैच आउट करा दिया। पावरप्ले के आखिरी ओवर में श्री चरणी ने अफिसारा सुवानचोनराथी को महज 1 रन पर एलबीडब्ल्यू आउट किया। अपने अगले ही ओवर में चरणी ने चनिदा सुथिरुआंग को 5 रन पर आउट कर थाईलैंड को चौथा झटका दे दिया।

44 रन पर आधी टीम लौटी पवेलियन

दीप्ति शर्मा ने नाओमि कनोकपोर्न हैमिल्टन को 1 रन पर एलबीडब्ल्यू आउट कर थाईलैंड की मुश्किलें और बढ़ा दीं। इस विकेट के साथ ही थाईलैंड की आधी टीम महज 44 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट गई।

इसके बाद 9वें ओवर में दीप्ति शर्मा ने अपना दूसरा विकेट हासिल किया। उन्होंने नन्नाफट चैहान को बिना खाता खोले आउट कर दिया। यह थाईलैंड का छठा विकेट था।

नंदनी और दीप्ति ने मिलकर समेटी थाईलैंड की पारी

15वें ओवर में नंदनी शर्मा ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट लेकर थाईलैंड की पारी को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। उन्होंने ओवर की पांचवीं गेंद पर सुलेपॉर्न लेओमी को 6 रन पर आउट किया और अगली ही गेंद पर सुनीदा चतुरंगरत्न को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया।

अगले ओवर की पहली गेंद पर ओनीचा कामचौम्फू रन आउट हो गईं। इसके बाद 17वें ओवर की पहली गेंद पर दीप्ति शर्मा ने नन्नापट कोंचारोएनकाई को आउट कर थाईलैंड की पारी का अंत कर दिया।

कोंचारोएनकाई ने 48 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 41 रन बनाए और वह थाईलैंड की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सका।

इस तरह थाईलैंड की पूरी टीम 65 रन पर ढेर हो गई और भारत ने मुकाबला 94 रन से जीतकर महिला एशिया कप 2026 में शानदार शुरुआत की। दीप्ति शर्मा और नंदनी शर्मा ने 3-3 विकेट झटके, जबकि श्री चरणी को 2 सफलता मिलीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments