Punjab Desk। मेक्सिको से एक पंजाबी सिख युवक का भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक रोते हुए लोगों से हाथ जोड़कर अपील करता नजर आ रहा है कि वे विदेश जाने के लिए डंकी रूट का सहारा न लें और एजेंटों के झांसे में आकर अपनी जिंदगी खतरे में न डालें।
वीडियो में युवक ने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं की। उसने दावा किया कि वह अवैध रास्ते से मेक्सिको पहुंचा था। वहां से बाहर निकलने की कोशिश के दौरान उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। युवक का कहना है कि उसकी इतनी बुरी तरह पिटाई की गई कि अब वह ठीक से चलने की स्थिति में भी नहीं है।
कमरे में बैठे युवक को रोते हुए अपनी आपबीती बताते देखा जा सकता है। वह बार-बार अपनी गलती स्वीकार करते हुए लोगों को इस तरह विदेश जाने के प्रयास से बचने की सलाह देता है। उसका कहना है कि एजेंट बेहतर भविष्य और विदेश पहुंचाने के नाम पर युवाओं को बड़े-बड़े सपने दिखाते हैं, लेकिन अवैध रास्ते में उन्हें गंभीर परेशानियों और खतरों का सामना करना पड़ सकता है।
वीडियो में युवक लोगों से भावुक अपील करते हुए कहता है कि कोई भी डंकी रूट के जरिए मेक्सिको न आए। उसने युवाओं और उनके परिवारों से एजेंटों के झांसे में न आने और विदेश जाने के लिए केवल कानूनी एवं सुरक्षित रास्ते अपनाने की अपील की है।
युवक का यह वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर डंकी रूट के जरिए विदेश जाने के जोखिम को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, युवक द्वारा लगाए गए आरोपों और उसके साथ हुई कथित मारपीट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।


