स्पोर्ट्स डेस्क: यूपी टी20 लीग के चौथे सीजन के आठवें मुकाबले में मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच का रुख बदल दिया। इकाना स्टेडियम में बारिश और डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के दबाव के बीच रिंकू ने शानदार पारी खेलकर मेरठ को लखनऊ फाल्कन्स के खिलाफ 5 रन से रोमांचक जीत दिलाई।
लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 183 रन बनाए। जवाब में मेरठ ने 16.5 ओवर में 154/6 का स्कोर बनाया। बारिश के कारण मुकाबला आगे नहीं खेला जा सका और DLS नियम के तहत मेरठ को विजेता घोषित कर दिया गया। रिंकू सिंह 24 गेंदों पर 55 रन बनाकर नाबाद रहे।
लखनऊ ने खड़ा किया 183 रन का मजबूत स्कोर
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 183 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज मोहम्मद सैफ ने 32 गेंदों पर 45 रन की तेज पारी खेली।
मध्यक्रम में अजीत वर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों पर 53 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और एक छक्का लगाया। इसके अलावा सत्यम पांडे और विप्रज निगम ने उपयोगी पारियां खेलकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
मेरठ की ओर से जीशान अंसारी और विजय कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए।
मेरठ की शुरुआत बेहद खराब
184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ मावेरिक्स की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के इन-फॉर्म बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा को भुवनेश्वर कुमार ने पारी के पहले ही ओवर में आउट कर दिया।
इसके बाद दूसरे ओवर में अभिनंदन सिंह ने लगातार दो विकेट लेकर मेरठ को मुश्किल में डाल दिया। उन्होंने ऋतुराज शर्मा और अक्षय दुबे को पवेलियन भेजा। महज 22 रन के स्कोर पर मेरठ ने अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए।
इसके बाद दिव्यांश जोशी और दिव्यांश राजपूत ने मोर्चा संभाला और 52 रन की साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला।
बारिश के बीच रिंकू सिंह ने पलटा मैच
मेरठ को आखिरी पांच ओवर में जीत के लिए 59 रन की जरूरत थी और कप्तान रिंकू सिंह क्रीज पर पहुंच चुके थे। 15वें ओवर में रिंकू ने अभिनंदन सिंह के ओवर में जमकर रन बटोरे और 19 रन हासिल किए।
इसी दौरान बारिश ने मैच में रोमांच बढ़ा दिया। मुकाबला DLS स्कोर की ओर बढ़ रहा था। 16.3 ओवर के बाद मेरठ की टीम पार स्कोर से एक रन पीछे थी। लेकिन अगली ही गेंद पर रिंकू ने जोरदार छक्का लगाकर टीम को DLS स्कोर से आगे कर दिया।
इसके बाद 17वें ओवर में रिंकू ने नवनीत कुमार की गेंदों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सिर्फ पांच गेंदों में 26 रन ठोककर मेरठ को जीत की स्थिति में पहुंचा दिया।
DLS नियम से मेरठ ने जीता मुकाबला
16.5 ओवर में भारी बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। उस समय मेरठ मावेरिक्स का स्कोर 6 विकेट पर 154 रन था और टीम DLS पार स्कोर से 5 रन आगे थी।
बारिश के कारण इसके बाद मैच दोबारा शुरू नहीं हो सका। ऐसे में DLS नियम के आधार पर मेरठ मावेरिक्स को 5 रन से विजेता घोषित किया गया।
कप्तान रिंकू सिंह ने महज 24 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाकर अपनी टीम की जीत में सबसे अहम भूमिका निभाई। उनकी तूफानी पारी में बड़े शॉट्स की भरमार रही और उन्होंने दबाव के बीच मेरठ को यादगार जीत दिला दी।


