HomePunjabलुधियाना वालों की बल्ले-बल्ले! मान सरकार के बजट में खुला खजाना, मेडिकल...

लुधियाना वालों की बल्ले-बल्ले! मान सरकार के बजट में खुला खजाना, मेडिकल कॉलेज से लेकर हलवारा एयरपोर्ट तक मिली ये बड़ी सौगातें

चंडीगढ़: पंजाब सरकार द्वारा पेश किए गए ऐतिहासिक बजट में राज्य की औद्योगिक राजधानी लुधियाना के लिए बड़ी घोषणाएं की गई हैं। मान सरकार ने शहरवासियों को स्वास्थ्य, बेहतर कनेक्टिविटी और मजबूत बुनियादी ढांचे की शानदार सौगात देते हुए कई अहम प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी दिखाई है। लुधियाना में नया सरकारी मेडिकल कॉलेज बनाने, 250 करोड़ रुपये की लागत से शहर का वाटर सप्लाई नेटवर्क सुधारने और हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जल्द कमर्शियल उड़ानें शुरू करने की तैयारियों ने स्थानीय लोगों और कारोबारियों में विकास की एक नई उम्मीद जगा दी है।

बजट में किए गए प्रावधानों से सरकार ने यह साफ संकेत दे दिया है कि लुधियाना को अब केवल फैक्ट्रियों के शहर के रूप में नहीं, बल्कि बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाओं के एक बड़े केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा। शहर में सरकारी मेडिकल कॉलेज की स्थापना होने से स्थानीय छात्र-छात्राओं को डॉक्टरी की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों या राज्यों में धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। इस शानदार कदम से जहां गरीब और मध्यम वर्ग के विद्यार्थियों के लिए मेडिकल की पढ़ाई आसान होगी, वहीं शहर के अस्पतालों में डॉक्टरों और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता भी काफी बढ़ जाएगी।

पानी की किल्लत से जूझ रहे लुधियाना वासियों के लिए भी इस बजट में बड़ी राहत का पिटारा खोला गया है। शहर के लिए 250 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत वाले एक नए वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट का ऐलान किया गया है। इस महात्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के जरिए शहर के दशकों पुराने और जर्जर हो चुके जल आपूर्ति नेटवर्क को पूरी तरह से अपग्रेड और आधुनिक किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद शहर के उन तमाम इलाकों में भी 24 घंटे स्वच्छ पीने का पानी पहुंच सकेगा, जहां के लोग लंबे समय से पानी की समस्या से परेशान थे।

लुधियाना के कारोबारियों और आम यात्रियों की हवाई सफर की सबसे बड़ी मांग को पूरा करने के लिए भी सरकार ने पूरी तैयारी कर ली है। बजट में बताया गया है कि हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल का काम पूरा हो चुका है और इसके लिए विशेष फंड भी जारी कर दिए गए हैं। मान सरकार का अगला बड़ा लक्ष्य यहां से जल्द से जल्द कमर्शियल फ्लाइट्स शुरू करना है। हलवारा एयरपोर्ट के पूरी तरह चालू होने से यात्रियों को छोटे विमानों वाले साहनेवाल एयरपोर्ट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यहां से बड़े विमान उड़ान भर सकेंगे, जिससे दिल्ली सहित देश के अन्य बड़े शहरों तक की यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा और शहर के व्यापार को भी नए पंख लगेंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments