HomeHaryanaसोनीपत: पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुआ पैरोल से फरार कुख्यात गैंगस्टर गोपाल,...

सोनीपत: पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुआ पैरोल से फरार कुख्यात गैंगस्टर गोपाल, जवाबी फायरिंग में एक हवलदार भी घायल

सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले में सोमवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक बड़ी मुठभेड़ में कुख्यात गैंगस्टर गोपाल मारा गया है। गांव खुबडू के पास हुई इस संयुक्त पुलिस कार्रवाई में आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में ढेर हो गया, जबकि सीआईए (CIA) के एक हवलदार भी गोली लगने से घायल हुए हैं।

हत्या की बड़ी साजिश रच रहा था गैंगस्टर

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, सोनीपत क्राइम ब्रांच और गन्नौर सीआईए की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव अटायल का रहने वाला शातिर गैंगस्टर गोपाल इस इलाके में घूम रहा है और किसी ग्रामीण की हत्या करने की फिराक में है। इस इनपुट के आधार पर सोमवार सुबह करीब 6:00 बजे पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए गांव खुबडू के खेतों में उसकी घेराबंदी की।

खुद को घिरा देख पुलिस पर दागीं गोलियां

जैसे ही गोपाल को अपने घिरने का अहसास हुआ, उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस अचानक हुए हमले में सीआईए-1 के हवलदार देवेंद्र के हाथ में गोली लग गई और वे घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत खानपुर स्थित भगत फूल सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल हवलदार देवेंद्र का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

हत्या समेत दर्ज थे 25 से अधिक संगीन मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मारा गया गैंगस्टर गोपाल बेहद शातिर अपराधी था और हत्या के दो अलग-अलग मामलों में कोर्ट से उम्रकैद की सजा काट रहा था। वह इसी साल मार्च 2026 में पैरोल पर जेल से बाहर आया था, लेकिन पैरोल अवधि खत्म होने के बाद 30 मई को उसे जेल में सरेंडर करना था, जिससे वह फरार हो गया। गोपाल के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म और रंगदारी जैसे करीब 25 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। पैरोल से भागने के बाद भी उसने सोनीपत और पानीपत क्षेत्र में कई वारदातों को अंजाम दिया था।

पुलिस आयुक्त ममता सिंह ने किया घटनास्थल का मुआयना

इस मुठभेड़ की सूचना मिलते ही सोनीपत की पुलिस आयुक्त (CP) ममता सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल हवलदार देवेंद्र का हालचाल जाना और डॉक्टरों को उचित दिशा-निर्देश दिए। पुलिस आयुक्त ने बताया कि टीमों की त्वरित और सतर्क कार्रवाई की वजह से क्षेत्र में एक बड़ी वारदात होने से टल गई है। फिलहाल आरोपी के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है और नियमानुसार मामले की आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments